6 साल तक कुमार सानू के साथ रिलेशन में रहीं एक्ट्रेस कुनिका, बोलीं – 'उनकी पत्नी ने हॉकी स्टिक से कार पर किया था हमला'

हिंदी सिनेमा में अक्सर निगेटिव और वैंप जैसे किरदार निभाकर खास पहचान बनाने वाली अभिनेत्री कुनिका सदानंद इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ के कारण सुर्खियों में हैं। ‘हम साथ-साथ हैं’, ‘मोहरा’, ‘खिलाड़ी’, ‘तलाश’ और ‘बेटा’ जैसी हिट फिल्मों में नज़र आ चुकीं कुनिका ने हाल ही में एक इंटरव्यू में मशहूर गायक कुमार सानू के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कई चौंकाने वाले राज खोले। कुनिका ने बातचीत में बताया कि उनकी और कुमार सानू की पहली मुलाकात ऊटी में एक शूटिंग के दौरान हुई थी। उस समय गायक अपनी बहन और भतीजे के साथ छुट्टियां मनाने हिल स्टेशन आए थे। वहीं से दोनों की नज़दीकियां बढ़नी शुरू हुईं। उन्होंने एक बेहद भावुक घटना का ज़िक्र करते हुए कहा – “एक बार डिनर के दौरान सानू ने काफी शराब पी ली थी। अचानक वे जोर-जोर से रोने लगे और होटल की खिड़की से कूदने की कोशिश करने लगे। उस वक्त उनकी बहन, भतीजे और मैंने मिलकर उन्हें रोक लिया। वे बेहद दुखी थे क्योंकि न तो वे शादी तोड़ना चाहते थे और न ही बच्चों से दूर जाना चाहते थे। उसी समय मैंने उन्हें समझाया कि असली सहारा उनके बच्चे और काम ही हैं।”
6 साल लंबा चला रिश्ता

कुनिका ने साफ़ किया कि उनका और सानू का रिश्ता करीब छह साल तक चला। इस दौरान दोनों कई बार पब्लिक और प्राइवेट जगहों पर साथ देखे गए। हालांकि यह रिश्ता शादी तक नहीं पहुंच पाया। इंटरव्यू में कुनिका ने यह भी बताया कि जब कुमार सानू की पत्नी रीता भट्टाचार्य को उनके अफेयर की जानकारी हुई, तो उन्होंने गुस्से में उनकी गाड़ी पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया था। इस हादसे में वे बड़ी मुश्किल से बच पाईं।

एक्टिंग करियर की झलक

कुनिका सदानंद ने 1980 के दशक के आखिरी सालों में मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की और जल्द ही फिल्मों और टीवी का रुख किया। उनका पहला बड़ा मौका 1988 की फिल्म ‘कब्रस्तान’ से मिला। इसके बाद वे ‘बेटा’, ‘गुमराह’, ‘खुदा गवाह’, ‘राजा हिंदुस्तानी’, ‘यस बॉस’ जैसी कई हिट फिल्मों में नज़र आईं। उनकी पहचान ज़्यादातर वैंप और निगेटिव रोल्स से बनी। उनकी दमदार आवाज़ और पैनी डायलॉग डिलीवरी ने उन्हें दर्शकों के बीच अलग मुकाम दिलाया। कई चर्चित फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में काम कर चुकीं कुनिका अब रियलिटी शो की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। वे सलमान खान के पॉपुलर शो ‘बिग बॉस 19’ की प्रतिभागी बनेंगी। ख़बरों के मुताबिक, उनका सफर इस सीज़न में बेहद दिलचस्प रहने वाला है, क्योंकि वे अपने बेबाक और स्ट्रॉन्ग अंदाज़ के लिए जानी जाती हैं।