एक्स वाइफ रीता ने कुमार सानू पर लगाए कई गंभीर आरोप, कहा-प्रेग्नेंसी के दौरान नहीं देते थे खाना, कोर्ट में घसीटा…

मशहूर सिंगर कुमार सानू (67) ने लंबे समय तक फिल्म इंडस्ट्री पर राज किया है। खास तौर से 90 के दशक की हिंदी फिल्मों में उन्होंने सुपरहिट गानों की झड़ी लगा दी। उनकी आवाज लोगों के कानों में शहद की जैसे घुल जाती है। पिछले कुछ समय से सानू बॉलीवुड में कम ही एक्टिव हैं। हालांकि वे कई दफा टीवी पर रियलिटी सिंगिंग शो में नजर आ जाते हैं। वे इंडियन आइडल में जज की भूमिका भी निभा चुके हैं। बहरहाल सानू अपने गानों या हुनर के बजाय गलत कारणों से खबरों में हैं। उनकी पहली पत्नी रीता भट्टाचार्य ने एक हालिया इंटरव्यू में सानू के खिलाफ कई सनसनीखेज दावे किए हैं।

रीता ने फिल्म विंडो को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि वह मुझे मेरी प्रेग्नेंसी के दौरान कोर्ट ले गए। उन दिनों उनका एक अफेयर भी था, जो आज सामने आया है। और, उन्होंने मुझे कोर्ट में घसीटा? मैं उस समय बहुत छोटी थी और मुझे ऐसा लगा जैसे मेरी पूरी दुनिया बिखर गई हो। मेरा परिवार सदमे में था। इसके एक साल पहले ही सानू ने बहुत बड़ी पार्टी की थी और अपनी सफलता का क्रेडिट मुझे दिया था। जब मैं अपने बेटे जान कुमार सानू के साथ प्रेग्नेंट थीं, तब मुझे मेकअप करने या घर से बाहर निकलने की भी इजाजत नहीं थी। मैं अपने परिवार से भी नहीं मिल सकती थीं।

वे जब घर से बाहर जाते थे तो किचन की अलमारियों में ताले लगा देते थे। मुझे चावल खाने के लिए भाभी के घर जाना पड़ता था। मैं मुट्ठी भर चावल खरीदती और फिर अपनी भाभी के घर खिचड़ी पकाती और फिर हम खाना खाते थे। मुझे हर दिन केवल 10 रुपए दिए जाते थे। दुकानदारों से भी मुझे बेबी फूड बेचने के लिए मना कर दिया था। प्रेग्नेंसी के दिनों में भी मुझे ठीक से खाना नहीं दिया जाता था जिसके कारण मैं बार-बार बीमार पड़ती रहती थीं। सानू की बहन अपने बच्चों और पति को छोड़कर हमारे साथ रहने लगी थी और वह सानू के साथ एक ही कमरे में सोती थी।
1980 के दशक के अंत में हुई थी सानू और रीता की शादी, हैं तीन बच्चे

रीता ने बताया कि सानू ने मुझसे और मेरे सबसे छोटे बेटे जान से दूरी बना ली थी। सानू की लव लाइफ अक्सर मीडिया में चर्चा का विषय बनी रहती थी और मैंने उनसे अनुरोध किया था कि वे इन दावों पर विराम लगा दें क्योंकि हमारे बड़े बेटे की सगाई होने वाली थी, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और मुझे और जान को ब्लॉक कर दिया। रीता ने दावा किया कि वह सानू से कभी अलग नहीं होना चाहती थीं क्योंकि वह दो बच्चों की मां थीं। बता दें कि कुमार सानू ने 1980 के दशक के अंत में रीता के साथ शादी की थी।

उनके तीन बच्चे हुए लेकिन 1994 में तलाक के साथ ये रिश्ता खत्म हो गया। इसी दौरान सानू का अभिनेत्री कुनिका सदानंद के साथ रिश्ता भी सुर्खियों में आया जो उस समय एक्सट्रा मैरिटल अफेयर कहा गया। कुनिका ने इस रिश्ते को लेकर एक इंटरव्यू में खुलकर बात की थी। उन्होंने एक दर्दनाक घटना को याद करते हुए बताया था कि एक बार रीता ने गुस्से में आकर उनकी कार पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया था। तीनों बच्चों की परवरिश अकेले रीटा ने ही की है। अनुमान है कि सानू से तलाक के समय रीटा को भारी-भरकम रकम मिली और अभी भी गुजारे-भत्ते के तौर पर मोटी रकम मिलती होगी।