'भारत के मुसलमान भाग्यशाली हैं', KRK का पोस्ट हुआ वायरल, यूजर्स बोले - तुम देश छोड़कर क्यों भागे?

फिल्म क्रिटिक केआरके हर मुद्दे पर बेबाक राय रखने के लिए जाने जाते हैं। वह अपने बयानों की वजह से हमेशा चर्चा में रहते हैं। भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव को लेकर भी वह लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। अब उन्होंने भारत में रहने वाले मुसलमानों को लेकर एक ऐसा बयान दे दिया है, जिसके बाद उन्हें खुद ही ट्रोल किया जा रहा है। उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।

केआरके ने लिखा, जो मुसलमान भारत में खुश नहीं हैं, उन्हें गाजा में 22 लाख मुसलमानों की हालत देखनी चाहिए। वहां लोगों के पास घर, खाना और पीने का पानी तक नहीं है। वे सड़कों पर जानवरों की तरह मर रहे हैं। अगर आप भारत में रह रहे हैं, तो आप बहुत ही भाग्यशाली हैं। उनका यह पोस्ट इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है और इस पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।

यूजर्स ने किए तीखे कमेंट्स

इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने केआरके को ही आड़े हाथों ले लिया है। एक यूजर ने लिखा, तुम खुद देश छोड़कर क्यों भागे? वहीं, दूसरे ने पूछा, अब आप खुद कब वापस इंडिया आ रहे हो? किसी ने कहा, गुड पोस्ट! तो किसी ने तंज कसते हुए लिखा, फिर बेटा, तुम यूके में क्या कर रहे हो?

पीएम मोदी पर भी दिया था बयान

गौरतलब है कि जब पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के चार दिन बाद रात 8 बजे देश को संबोधित करने की बात कही थी, तब भी केआरके ने ट्वीट कर कहा था, फिर से 8 बजे? ये 8 बजे हमेशा खतरनाक होता है। इस बयान ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं।

बॉलीवुड स्टार्स पर निशाना साधते हैं केआरके

केआरके अक्सर बॉलीवुड सेलेब्रिटीज को ट्रोल करते रहते हैं। जब भी किसी बड़े अभिनेता की फिल्म रिलीज़ के करीब होती है, वह उन्हें निशाने पर ले लेते हैं। सलमान खान, आमिर खान से लेकर सनी देओल तक, सभी को उनकी फिल्म और एक्टिंग को लेकर केआरके के तीखे कमेंट्स का सामना करना पड़ता है। उनकी रिव्यूज़ भी अक्सर विवादों में घिर जाती हैं।