2 News : कृति ने कहा, बॉलीवुड में भी होनी चाहिए वेतन समानता, डेजी ने इनके साथ इंटीमेट वीडियो पर दी रिएक्शन

एक्ट्रेस कृति सेनन को बॉलीवुड में 10 साल से ज्यादा हो चुके हैं। कृति अब तक कई शानदार फिल्मों में काम कर चुकी हैं। यहां तक कि उन्हें उनकी फिल्म ‘मिमी’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल फिल्मफेयर अवार्ड भी मिल चुका है। कृति अपने बेबाक अंदाज के लिए भी मशहूर हैं। हाल ही में कृति ने सीएनएन-न्यूज18 के शीशक्ति दिल्ली एडिशन में फिल्म इंडस्ट्री में इनकम गैप को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। कृति ने कहा कि बाकी सभी उद्योगों को देखते हुए, मुझे समझ नहीं आता कि वेतन समानता क्यों नहीं है। क्योंकि कुछ खास तरह की भूमिकाओं, कुछ खास तरह की नौकरियों के लिए, चाहे आप पुरुष हों या महिला, इससे कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए और वेतन एक जैसा होना चाहिए।

हां फिल्मों में हम बहुत लंबे समय से इस पर बात करते आ रहे हैं और यकीन मानिए, यह हमें किसी और से ज्यादा चुभता है। पुरुष और महिला कलाकारों के भुगतान में बहुत बड़ा अंतर है, लेकिन मुझे लगता है कि यह एक चक्र है क्योंकि मुझे लगता है कि किसी भी अभिनेता की फीस इस बात पर निर्भर करती है कि आप पहले दिन अपने नाम से कितने दर्शकों को थिएटर तक खींच पाते हैं। दुर्भाग्य से बहुत कम फिल्में हैं, मैं कहूंगी कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं द्वारा निर्देशित फिल्में और भी कम हैं। जब फिल्में महिला प्रधान होती हैं, तब भी उन्हें अक्सर पुरुषों द्वारा निर्देशित फिल्मों जितना बजट नहीं दिया जाता।

कृति ने संजय लीला भंसाली की फिल्म `गंगूबाई काठियावाड़ी` की तारीफ करते हुए कहा कि हमें विषय पर जोखिम लेना चाहिए, न कि इस पर कि फिल्म में मुख्य भूमिका कौन निभा रहा है। अगर महिला प्रधान फिल्म की बात करें, तो मेरे दिमाग में सिर्फ एक ही फिल्म आती है जो बड़े बजट और बड़े पैमाने पर बनी है, और वह है `गंगूबाई काठियावाड़ी।’ आपको यह फिल्म बहुत शानदार लगती है। यह फिल्म तब भी वैसी ही दिखती अगर इसमें कोई पुरुष मुख्य भूमिका में होता।” सोशल मीडिया आलोचकों के बारे में कृति ने कहा कि उन्होंने ऐसे लोगों की बातों को गंभीरता से नहीं लेना सीख लिया है।

कृति ने कहा कि मैं टिप्पणियों या लोगों की बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देती क्योंकि मुझे लगता है कि कोई अपनी 'भड़ास' किसी और पर निकाल रहा है। इसलिए मैं इसे गंभीरता से नहीं लेती। टारगेटेड ट्रॉलिंग करने वाले व्यक्ति की बजाय आलोचक का हम स्वागत करते हैं। कृति के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही आनंद एल. राय की 'तेरे इश्क में' मूवी में साउथ सुपरस्टार धनुष के साथ दिखाई देंगी। रिपोर्ट्स में यह भी संकेत दिया गया है कि वह फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित 'डॉन 3' में शामिल हो सकती हैं।
डेजी शाह और गणेश आचार्य का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ था जमकर वायरल

कोरियोग्राफर और एक्ट्रेस डेजी शाह काफी समय से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। बतौर डांसर करिअर की शुरुआत करने वाली डेजी ने कुछ फिल्मों में काम किया है। उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उस इंटीमेट वीडियो को लेकर खुलकर बात की, जिसमें वह और कोरियोग्राफर गणेश आचार्य नजर आ रहे हैं। बता दें यह वीडियो सोशल मीडिया पर लीक होने के बाद खूब वायरल हुआ था और इस पर लोगों ने तमाम तरह की बातें की थीं।

डेजी ने 'हाउटरफ्लाई' के साथ इंटरव्यू के दौरान कहा कि मैं और मास्टर जी किसी गाने की रिहर्सल कर रहे थे। वो किसी ने यूट्यूब पर अपलोड कर दिया और कहा कि लव मेकिंग है। मुझे नहीं पता ये क्यों किया। वे मस्ती बहुत करते थे। मतलब चलते-फिरते कमेंट्स ऐसे ही फेंक देते थे। कई बार ऐसे भी किसी लड़की को वो पसंद नहीं आता था। डेजी ने साफ कर दिया कि वीडियो किसी गाने की रिहर्सल का है।

उल्लेखनीय है कि डेजी ने 'तेरे नाम', 'मस्ती', 'हमको दीवाना कर गए' जैसी कई फिल्मों में बतौर डांसर काम किया। वह साल 2014 में रिलीज हुई सलमान खान की फिल्म 'जय हो' में लीड एक्ट्रेस थीं। इसके बाद वह 'हेट स्टोरी 3' और 'रेस 3' जैसी फिल्मों में नजर आईं। डेजी ने अन्य भाषाओं की मूवी में भी काम किया है। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले डेजी का नाम शिव ठाकरे के साथ जुड़ा था। दोनों ने ‘खतरों के खिलाड़ी 13’ में हिस्सा लिया था।