जानें-बॉक्स ऑफिस पर कैसी रही ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ की शुरुआत, अहान शेट्टी की ‘तड़प’ का ऐसा है हाल

एक्टर आयुष्मान खुराना की फिल्मों को लेकर फैंस के बीच काफी क्रेज रहता है। इसकी बड़ी वजह है वे जिस तरह की स्क्रिप्ट का चुनाव करते हैं वह लीक से हटकर होती है। उनकी अब तक की अधिकतर फिल्मों को खूब सराहना मिली है। अब आयुष्मान और एक्ट्रेस वाणी कपूर स्टारर मच अवेटेड फिल्म 'चंडीगढ़ करे आशिकी' शुक्रवार (10 दिसंबर) को रिलीज हो गई। यह जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर दिखाई दी है। बॉक्स ऑफिस इंडिया वेबसाइट के मुताबिक 'चंडीगढ़ करे आशिकी' ने पहले दिन 3.25 करोड़ रुपए कमाए। फिल्म को दिल्ली-एनसीआर और चंडीगढ़ में फैंस से अच्छी प्रतिक्रिया मिली।

मुंबई, पुणे, कोलकाता और बेंगलुरू में इसका कलेक्शन वीकेंड पर बढ़ सकता है। मल्टीप्लेक्स कंटेट वाली इस फिल्म से और ज्यादा दर्शकों की अपेक्षा थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यह एलजीबीटी समुदाय पर आधारित फिल्म है। फिल्म भारत में 2500 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है जबकि ओवरसीज में इसे 500 स्क्रीन्स मिली हैं। फिल्म का निर्देशन अभिषेक कपूर ने किया है। इसे भूषण कुमार, प्रज्ञा कपूर और अभिषेक नैयर ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।


तड़प ने 8 दिन में कमाए 22 करोड़ रुपए के करीब

'तड़प' में अहान शेट्टी और तारा सुतारिया की केमिस्ट्री ने फैंस के दिलों को जीत लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तड़प कमाई के मामले में करीब 22 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। यह 3 दिसंबर को रिलीज हुई थी। इसने पहले दिन 4.5 करोड़, दूसरे दिन 4.12 करोड़, तीसरे दिन 5.35 करोड़, चौथे दिन 2.25 करोड़, 5वें दिन 2.1 करोड़, छठे दिन 1.80 करोड़, सातवें दिन 1.50 करोड़ और आठवें दिन 80 लाख रुपए कमाए। यानी मूवी का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 21.93 करोड़ रुपए हो चुका है। उम्मीद है कि यह जल्द ही 25 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी। सुनील शेट्टी के बेटे अहान की डेब्यू मूवी 'तड़प' साउथ की सुपरहिट मूवी 'RX 100' की रीमेक है। इसी शुक्रवार को सन्नी देओल के बेटे करण देओल की फिल्म वेल्ले भी रिलीज हुई है। हालांकि इसके बारे में अच्छी प्रतिक्रिया नहीं आ रही है।