…तो रिश्ता पक्का समझें! किम शर्मा और लिएंडर पेस ने सेम Photo शेयर कर किया प्यार का इजहार

एक्ट्रेस किम शर्मा और दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस के बीच प्यार परवान चढ़ रहा है। दोनों अक्सर साथ में कई बार खुशनुमा पल बिताते नजर आते है। हालांकि दोनों ने कभी खुलकर अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया। अब किम का हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट उनके और पेस के रिश्ते पर मुहर लगा रहा है। किम और पेस ने एक जैसी फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की है।

इसमें किम सफेद ड्रेस, तो पेस ब्लू टी-शर्ट और डेनिम में दिखे। दोनों मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। कैप्शन में दोनों ने कुछ नहीं लिखा लेकिन युवक और युवती के बीच प्यार को दर्शाते सिंबल का इस्तेमाल किया है। फैंस को यह फोटो बेहद पसंद आ रहा है। वे चाहते हैं जल्द ही यह रिश्ता शादी में बदल जाए और सेलेब्रिटी कपल अच्छी जिंदगी बिताएं। किम और पेस पिछले दिनों गोवा वेकेशन पर भी गए थे जहां से दोनों की फोटो वायरल हो गई थी।

किम ने केन्या के बिजनेसमैन से की थी शादी

उल्लेखनीय है कि किम का नाम कई लोगों के साथ जुड़ चुका है। किम पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के साथ शादी करने वाली थीं लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद किम ने केन्या के बिजनेसमैन अर्जुन पुंजानी से शादी कर सभी को चौंका दिया। हालांकि शादी ज्यादा दिन नहीं चली। इसके बाद किम का नाम फैशन डिजाइनर अर्जुन खन्ना और फिर हर्षवर्धन राणे के साथ जुड़ा। यह रिश्ता भी शादी तक पहुंचने से पहले ही खत्म हो गया। किम ने यशराज बैनर की मोहब्बतें फिल्म से काफी सुर्खियां बटोरी थीं। वे इसके बाद भी कुछ और फिल्मों में नजर आईं, लेकिन ज्यादा सफल नहीं रहीं।

संजय दत्त की पहली पत्नी रिया के साथ रिलेशनशिप में रहे थे पेस

दूसरी ओर, पेस का नाम भी पहली बार किसी अभिनेत्री से नहीं जुड़ा है। इससे पहले वे महिमा चौधरी को भी डेट कर चुके हैं, वहीं संजय दत्त की पहली पत्नी रिया पिल्लई के साथ तो उनका रिश्ता 10 साल तक रहा, जिसका अंत काफी दर्दनाक रहा। पेस और महिमा का अफेयर तकरीबन छह साल तक टिका था, लेकिन रिया की वजह से दोनों के रिश्तों में दरार आ गई थी। पेस-रिया की पहली मुलाकात 2003 में हुई थी।

रिया शादीशुदा होते हुए पेस के प्यार में पड़ गई थीं। संजय को तलाक देने के बाद वे पेस के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगी थीं। दोनों आठ साल तक अमेरिका में साथ रहे और इस दौरान बेटी अयाना के पेरेंट्स बने। 2013 में इनके रिश्ते में दरार आ गई। रिया ने 2014 में पेस और उनके पिता के खिलाफ घरेलू हिंसा के आरोप लगाते हुए सबको चौंका दिया।