2 News : कीकू ने तोड़ी कृष्णा से लड़ाई और शो छोड़ने पर चुप्पी, फिल्म के लिए 1 महीने तक झुग्गी बस्ती में रहीं यह एक्ट्रेस

कॉमेडियन कीकू शारदा लंबे अरसे से मनोरंजन जगत में एक्टिव हैं। लोग उनकी कॉमेडी स्टाइल पर फिदा हैं। कीकू खास तौर से कपिल शर्मा के शो में जबरदस्त परफोरमेंस देते हैं और कह सकते हैं कि उन्हें इसी मंच की बदौलत पहचान मिली है। इस बीच कुछ दिनों से खबरें आ रही हैं कि कीकू ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर धूम मचा रहे ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का तीसरा सीजन बीच में ही छोड़ दिया है। ऐसा भी कहा जा रहा है कि कीकू ने साथी कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक संग लड़ाई के बाद शो छोड़ा है क्योंकि दोनों का सेट से एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें दोनों लड़ते दिख रहे थे।

अब इन अफवाहों पर कीकू ने रिएक्शन दी है। कीकू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर कृष्णा के साथ फोटो शेयर की है जिसमें दोनों अपने जमाने के दिग्गज कॉमेडियन रहे चार्ली चैपलीन के लुक में नजर आ रहे हैं और एक-दूसरे के लिप्स पर हाथ रखकर चुप होने का इशारा कर रहे हैं। फोटो के ऊपर लिखा हुआ है, ‘ए नेवर एंडिग स्टोरी।” कीकू ने इसके कैप्शन में लिखा, “ये बंधन...कभी नहीं टूटेगा। वो जो लड़ाई थी वो प्रैंक था। आप ये फालतू की गॉसिप और अफवाह पर ध्यान ना दें कि मैंने ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ छोड़ दिया है।

मैं हमेशा शो और परिवार का हिस्सा रहूंगा। तो ये सब छोड़ और जाओ नेटफ्लिक्स पर शो देखो। सिर्फ 3 एपिसोड बाकी हैं।” बता दें कि कीकू अब नए शो में नजर आएंगे जिसका नाम है ‘राइज एंड फॉल’। इस शो को ‘शार्क टैंक’ शो से मशहूर हुए बिजनेसमैन अश्नीर ग्रोवर होस्ट कर रहे हैं। शो में कीकू, धनश्री वर्मा समेत और भी कई सेलेब्स नजर आएंगे।
दिव्या खोसला कुमार ने शेयर किया आगामी फिल्म ‘एक चतुर नार’ का अनुभव

हाल ही में अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह अपने पति एक्टर परमीत और बेटे आयुष्मान सेठी के साथ टी-सीरीज के ऑफिस पहुंचीं। अर्चना अपनी नई सीरीज ‘डब्बे में क्या है?’ के लिए वहां गई थीं। इस सीरीज में अर्चना का परिवार फिल्मी सितारों से मिलता है और उनके घर का बना खाना साथ में खाते हुए मजेदार बातें करते हैं। इस दौरान एक्ट्रेस दिव्या खोसला कुमार ने उनकी आगामी फिल्म ‘एक चतुर नार’ का अनुभव साझा किया। दिव्या ने कहा कि मुझे यूपी की स्थानीय भाषा नहीं आती थी।

मैंने इसे सीखने के लिए खूब मेहनत की और घर पर प्रेक्टिस की। हमारे डायरेक्टर उमेश शुक्ला ने मुझे करीब एक महीने तक लखनऊ की झुग्गी बस्ती में रहने को कहा। उमेश ने कहा कि हमने लखनऊ के बादशाह नगर में शूटिंग की थी, जो एक असली झुग्गी बस्ती है। इस बारे में दिव्या ने सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट साझा की। दिव्या ने लिखा, “एक चतुर नार मूवी में अपने किरदार के लिए झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों की जिंदगी को समझने के लिए लखनऊ की एक झुग्गी बस्ती में रहीं।

जिंदगी के दूसरे पहलू को देखना और इस बदलाव के साथ उसे जीवंत करना एक अनोखा अनुभव रहा। आप सभी को इस अनोखी कॉमेडी के रोलर कोस्टर पर ले जाने के लिए बेताब हूं!” उल्लेखनीय है कि फिल्म 12 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसका ट्रेलर देखने के बाद से ही फैंस इसके लिए बेताब हैं। इसमें दिव्या के अपोजिट नील नितिन मुकेश हैं।