2 News : ‘राइज एंड फॉल’ शो में उलझे कीकू और आदित्य, देखें वीडियो, इस फिल्म से अल्लू का फर्स्ट लुक हुआ लीक

‘शार्क टैंक’ फेम बिजनेसमैन अशनीर ग्रोवर का शो 'राइज एंड फॉल' इन दिनों दर्शकों के बीच छाया हुआ है। शो का यूनिक कॉन्सेप्ट और कंटेस्टेंट लोगों को अपनी ओर खींचने में सफल रहे हैं। इस बीच शो का लेटेस्ट वीडियो सामने आया है जिसमें हाई वोल्टेज ड्रामा नजर आया। कंटेस्टेंट एक-दूसरे से भिड़ते दिखे। यहां कॉमेडियन कीकू शारदा और सिंगर आदित्य नारायण के बीच अनबन होने से माहौल गर्मा गया। दरअसल शो के होस्ट अशनीर ने कीकू से पूछा कि पेंट हाउस का क्या हाल है? जवाब में कीकू ने कहा कि बहुत अच्छा है लेकिन एक ट्रायो (तिकड़ी) ने माहौल खराब कर रखा है।

कीकू का इशारा आदित्य, कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा और अरबाज पटेल की ओर था। कीकू ने कहा कि जिस तरह से ये खेल रहे हैं मुझे ये पसंद नहीं आ रहा। ये लोग वर्कर्स को ऊपर नहीं आने देने की सोचते हैं। ये लोगों को नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं। इस पर धनश्री ने असहमति जताई। इसके बाद बेसमेंट में मौजूद एक्टर अर्जुन बिजलानी, आदित्य से कहते हैं कि वो कभी भी गलत के खिलाफ स्टैंड नहीं लेते। अर्जुन की इस बात पर आदित्य भड़क जाते हैं। वो अर्जुन से कहते हैं कि आप कोई दूध पीते बच्चे नहीं हो। टीवी में आते ही आप बड़ा अपना मुंह चलाने लगते हो।

जब आप पेंट हाउस में थे तब आपकी ये आवाज कहां थी? प्रोमो में आगे कीकू, आदित्य से कहते हैं कि आप मजाक के नाम पर किसी से बदतमीजी नहीं कर सकते। कीकू की इस बात पर आदित्य कहते हैं कि फिर ऐसे तो आपके हजार जोक्स में से 500 जोक्स सारकाज्म होते हैं, तो क्या कि आप बदतमीजी करते हो? इतना सुनते ही कीकू भड़क उठते हैं। वो आगे गुस्से में आदित्य से कहते हैं कि 'प्रोफेशन पर जाना है?' बता दें पवन सिंह और संगीता फोगाट ने निजी कारणों से शो को अलविदा कह दिया था। शो में नयनदीप रक्षित, आकृति नेगी, बाली, आहना कुमार, आरुष भोला, अनाया बांगर, कुब्रा सैत भी चुनौती पेश कर रहे हैं।
एटली के डायरेक्शन में ‘AA22xA6’ फिल्म में काम कर रहे हैं ‘पुष्पा’ फेम अल्लू अर्जुन

साउथ इंडियन सुपरस्टार अल्लू अर्जुन इन दिनों अपनी अगली फिल्म AA22xA6 पर काम कर रहे हैं। इसका डायरेक्शन एटली कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है। हालांकि फिल्म की अहम जानकारी का फिलहाल खुलासा नहीं किया गया है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें अल्लू का फर्स्ट लुक देखा जा सकता है। वायरल हो रही तस्वीर में अल्लू ट्रैकसूट पहने और बालों का बन बनाए हुए नजर आ रहे हैं।

हालांकि यह साफ नहीं है कि अल्लू की यह तस्वीर एटली के निर्देशन के सेट से है या नहीं, लेकिन इसने नेटिजंस को रोमांचित कर दिया है। यूजर्स ने मेकर्स से फिल्म से अल्लू का पहला लुक जल्द ही जारी करने का अनुरोध किया है। अल्लू और एटली पहली बार साथ काम कर रहे हैं। इसे एक एक्शन-एंटरटेनर बताया जा रहा है। शुरुआत में कहा गया था कि फिल्म में दो हीरो वाली कहानी हो सकती है, लेकिन हाल ही अल्लू की टीम ने स्पष्ट किया था कि वे डबल रोल में नजर आएंगे, जिससे फिल्म की कहानी में एक और दिलचस्प मोड़ आ गया है। बता दें यह अल्लू की 22वीं फिल्म है।

इस फिल्म में अल्लू के अपोजिट दीपिका पादुकोण रहेंगी। दीपिका इसी साल जून में फिल्म में शामिल हुई थीं। उस समय फिल्म निर्माताओं ने उनका स्वागत करते हुए एक वीडियो जारी किया था। उल्लेखनीय है कि अल्लू की फिल्मों का हर किसी को इंतजार रहता है। खास तौर से पिछले साल ‘पुष्पा 2’ की शानदार सक्सेस के बाद अब उनके नए प्रोजेक्ट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।