2 News : शादी की दूसरी सालगिरह पर कियारा ने शेयर किया मजेदार वीडियो, ‘ऊप्स! अब क्या’ का ट्रेलर हुआ रिलीज

एक्ट्रेस कियारा आडवाणी और एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने साल 2023 में राजस्थान में शादी की थी। दोनों ने शादी के लिए राजस्थान के जैसलमेर शहर को चुना था। आज शुक्रवार (7 फरवरी) को उनकी शादी की दूसरी सालगिरह है। कियारा ने बहुत ही मजेदार अंदाज में सिद्धार्थ को विश किया है। कियारा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने बिफोर एंड आफ्टर का एक वीडियो बनाया। इसमें उनकी शादी के मोस्ट पॉपुलर वीडियो और डांस को दिखाया गया है। साथ ही कैप्शन में लिखा, “यह कैसे शुरू हुआ' बनाम 'यह कैसे चल रहा है।”

सिद्धार्थ एक कार्ट पर खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि कियारा कार्ट को खींचती नजर आ रही हैं। फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग इस वीडियो पर जमकर कमेंट्स कर रहे हैं। एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु ने लाफ की इमोजी बनाई। एक्ट्रेस रकुलप्रीत सिंह ने लिखा, “हैपी एनिवर्सरी टू यू गाइज।” बॉलीवुड के सबसे शानदार कपल में से एक कियारा और सिद्धार्थ अक्सर चर्चाओं में रहते हैं। सिद्धार्थ-कियारा ने ‘शेरशाह’ फिल्म में साथ काम किया था।

फैंस उन्हें एक बार फिर से किसी फिल्म में साथ देखना चाहते हैं। शादी की तस्वीरें साझा करते हुए कपल ने लिखा था, “अब हमारी परमानेंट बुकिंग होगी। हम अपनी आगे की यात्रा के लिए आपका आशीर्वाद और प्यार चाहते हैं।” उनकी शादी में करण जौहर, शाहिद कपूर, मीरा राजपूत, मनीष मल्होत्रा समेत अन्य लोग शामिल हुए थे। उन्होंने मुंबई में एक भव्य रिसेप्शन भी आयोजित किया था। आलिया भट्ट, करीना कपूर खान, वरुण धवन, दिशा पटानी, काजोल, कृति सेनन, शिल्पा शेट्टी समेत कई सितारे शामिल हुए थे।

बता दें कियारा इन दिनों अपनी फिल्म ‘गेम चेंजर’ को लेकर सुर्खियों में हैं। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। राम चरण और कियारा की ये फिल्म अब ओटीटी पर रिलीज होगी। सिद्धार्थ की बात करें तो उनकी अगली फिल्म ‘परम सुंदरी’है। इसमें उनके अपोजिट जान्हवी कपूर हैं।
‘ऊप्स! अब क्या’ वेब सीरीज में नजर आएंगे ये सितारे

‘ऊप्स! अब क्या?’ वेब सीरीज का ट्रेलर सामने आ गया है। यह सीरीज 20 फरवरी से डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर प्रीमियर होगी। इसका डायरेक्शन प्रेम मिस्त्री व देबात्मा मंडल और निर्माण डाइस मीडिया ने किया है। ट्रेलर में तीन पीढ़ियों की महिलाओं के जीवन की झलक दिखाई गई है। वे प्यार में आने वाली दिक्कतों से जूझती नजर आ रही हैं। इसमें हर एक पीढ़ी ने प्यार के अपने-अपने सफर की चुनौतियों, इमोशंस और अनुभवों को दिखाने की कोशिश की है।

शो में श्वेता बसु प्रसाद, आशिम गुलाटी, जावेद जाफरी, सोनाली कुलकर्णी, अभय महाजन, अपरा मेहता और एमी ऐला हैं। श्वेता ने शो के बारे में कहा कि जिस पल मैंने ‘ऊप्स! अब क्या?’ की स्क्रिप्ट पढ़ी, मुझे पता था कि यह एक पागलपन भरा सफर होने वाला है। मेरे किरदार की जिंदगी कुछ ही सैकंड में पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो जाती है और इसे बहुत ही दिल से दिखाया गया है। यह प्यार, हंसी और पागलपन के बीच खुद को खोजने की कहानी है। मुझे पता है कि दर्शकों को इसे देखने में और भी मजा आएगा। आप अपने कैलेंडर पर रिलीज की तारीख को मार्क कर लें।

जावेद जाफरी ने कहा कि मुझे ‘ऊप्स! अब क्या?’ में जो बात पसंद आई, वह यह है कि यह जीवन की बेतुकी बातों से दूर नहीं भागती। भरपूर हंसी-मजाक है, इमोशंस असली हैं और किरदार असली लगते हैं। ट्रेलर देखकर पता चलता है कि जीवन कितना शॉकिंग और मजेदार हो सकता है। यह एक ऐसी कहानी है जो परिवार, प्यार और रिश्तों के साथ-साथ हंसी-मजाक के बारे में भी है। यह काफी धमाकेदार होने वाली है! सोनाली ने कहा कि जब जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं, तो कभी-कभी केवल हंसना ही एकमात्र काम होता है और यही बात ‘ऊप्स! अब क्या?’ के बारे में है।