सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर की मच अवेटेड मूवी ‘परम सुंदरी’ शुक्रवार (29 अगस्त) को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया शुरुआत रही। इसने पहले दिन 7 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की। जिस हिसाब से फैंस ने इस पर प्यार लुटाया है उसे देखते हुए माना जा रहा है कि शनिवार और रविवार यानी वीकेंड पर इसमें बड़ी जंप देखने को मिलेगी। इस बीच सिद्धार्थ की पत्नी एक्ट्रेस कियारा आडवाणी ने ‘परम सुंदरी’ का रिव्यू किया और अपने पति की स्क्रीन प्रेजेंस और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग की तारीफ की।
कियारा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर ‘परम सुंदरी’ का एक पोस्टर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “अ फील गुड रोमांटिक कॉमेडी, जो आपके चेहरे पर एक बड़ी मुस्कान ला देती है। परम के रूप में @sidmalhotra पर्दे पर जादू फैला रहे थे, आपने वाकई हर बीट, हर फ्रेम पर कब्जा किया। आपकी कॉमिक टाइमिंग ने मूवी को यादगार बना दिया।” कियारा ने जान्हवी की भी जमकर तारीफ की और उनकी एक्टिंग को सराहा। कियारा ने लिखा, “@janhvikapoor सुंदरी के रूप में बहुत प्यारी लग रही हैं और आपका परफॉर्मेंस मनमोहक था।
@santha_dop डॉप आपने इसे बखूबी निभाया है, हर फ्रेम सांस रोक देने वाला था। @tusharjalota इसे एक साथ लाने के लिए बधाई, इस फिल्म के लिए पूरी टीम को बधाई! @maddockfilms.” बता दें इस फिल्म के डायरेक्टर तुषार जलोटा हैं। फिल्म नॉर्थ इंडियन लड़के और साउथ इंडियन लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है। इसे ‘वॉर 2’ और ‘कुली’ से जबरदस्त टक्कर मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों रिलीज हुई वॉर 2 में ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर के साथ कियारा हैं। हाल ही में सिद्धार्थ ने भी ‘वॉर 2’ का रिव्यू करते हुए कियारा की तारीफों के पुल बांधे थे। कियारा और सिद्धार्थ ने फरवरी 2023 में राजस्थान के जैसलमेर में शादी की थी। इसी साल जुलाई में कपल पैरेंट्स बना है। कियारा ने 15 जुलाई को बेटी को जन्म दिया था।
‘एक चतुर नार’ में है दिव्या खोसला कुमार और नील नितिन मुकेश के अहम रोलएक्ट्रेस दिव्या खोसला कुमार और एक्टर नील नितिन मुकेश स्टारर कॉमेडी थ्रिलर फिल्म 'एक चतुर नार' 12 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने को तैयार है। मेकर्स ने इसका ट्रेलर पहले ही रिलीज कर दिया था। आज शनिवार (30 अगस्त) को उन्होंने इसका टाइटल ट्रैक रिलीज कर दिया। गाने में दिव्या बेमिसाल ऊर्जा और शानदार प्रदर्शन से छा गईं। जबरदस्त डांस मूव्स से लेकर ड्रम बजाते हुए उनके शानदार अंदाज ने गाने में एक अलग ही जान डाल दी।
दिव्या ने कहा कि यह गाना 'एक चतुर नार' मेरे लिए एक सशक्त और ऊर्जावान अनुभव रहा। कैलाश खेर के साथ काम करना मेरे लिए तो बहुत खुशी की बात थी, उनकी आवाज ने गाने को दमदार बना दिया है। मैं इस गाने को उन सभी महिलाओं को समर्पित करना चाहती हूं, जो आत्मविश्वास और ताकत के साथ जिंदगी जीती हैं। इसे शरण रावत और वायु ने संगीतबद्ध किया है।
यह सुनील दत्त, किशोर कुमार व सायरा बानो की फिल्म पड़ोसन के क्लासिक गाने 'एक चतुर नार' का नया वर्जन है। टी-सीरीज और मेरी गो राउंड स्टूडियोज प्रोडक्शन की इस फिल्म का डायरेक्शन उमेश शुक्ला ने किया है। इसे उमेश, आशीष वाघ और जीशान अहमद ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म कॉमेडी, थ्रिल और इमोशन का जबरदस्त मिश्रण है।