फिर साथ नज़र आए कैटरीना कैफ और ऋतिक रोशन, रोमांटिक Rado ऐड ने जगाई ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ की यादें

बॉलीवुड की लोकप्रिय ऑन-स्क्रीन जोड़ी ऋतिक रोशन और कैटरीना कैफ एक बार फिर साथ नजर आई है। हालांकि इस बार यह मुलाकात बड़े पर्दे पर नहीं, बल्कि एक लग्जरी वॉच ब्रांड ‘Rado’ के नए रोमांटिक विज्ञापन में हुई है। ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ और ‘बैंग बैंग’ जैसी फिल्मों में अपनी शानदार केमिस्ट्री से दर्शकों का दिल जीत चुके ऋतिक और कैटरीना ने इस ऐड में अपनी वही पुरानी जादूभरी झलक पेश की है।

सोशल मीडिया पर छाया विज्ञापन, लेकिन उठे सवाल


यह विज्ञापन दोनों सितारों ने एक साथ अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। इसमें ऋतिक कैटरीना को एक गिफ्ट देते हैं, जिसे खोलने पर वह घड़ी निकलती है। कैटरीना मुस्कुराते हुए कहती हैं – “It is perfect!”, और ऋतिक जवाब देते हैं – “This feeling, this moment. The time is now.” हालांकि विज्ञापन का आखिरी शॉट रोमांटिक अंदाज में खत्म होता है, लेकिन कई दर्शकों ने तुरंत नोटिस कर लिया कि इसे अलग-अलग शूट कर एडिट किया गया है।

एक यूज़र ने लिखा, “Clearly shot separately and bad editing.” दूसरे ने टिप्पणी की, “ऐसा लग रहा है कि दोनों ने स्क्रीन स्पेस शेयर ही नहीं किया।” वहीं कई अन्य फैन्स ने भी आखिरी सीन में उनकी आंखों के कॉन्टैक्ट को मिसमैच बताते हुए कहा कि यह जाहिर तौर पर अलग-अलग शूट कर जोड़ा गया है।
आलोचना के बीच दर्शकों में दिखी उत्सुकता

भले ही एडिटिंग को लेकर सवाल उठे हों, लेकिन दर्शकों में ऋतिक और कैटरीना को एक साथ देखने का उत्साह साफ झलक रहा है। उनके फैन्स के लिए यह ऐड पुरानी फिल्मों की याद ताजा करने वाला साबित हुआ है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में भी बताया गया कि यह विज्ञापन लोगों में नॉस्टैल्जिया पैदा करने में सफल रहा, भले ही शूटिंग के तरीके पर अटकलें जारी रहीं।

सितारों के करियर की झलक


ऋतिक रोशन हाल ही में रिलीज हुई ‘वार 2’ में नजर आए, जो 14 अगस्त को सिनेमाघरों में आई। फिल्म ने भारत में 200 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है, हालांकि समीक्षाएं मिली-जुली रहीं। वहीं कैटरीना कैफ की पिछली फिल्म ‘मैरी क्रिसमस’ थी, जिसमें उन्होंने विजय सेतुपति के साथ काम किया। इससे पहले वह 2023 में रिलीज हुई ‘टाइगर 3’ में सलमान खान के अपोजिट नजर आई थीं।