एक्ट्रेस करीना कपूर खान (44) दो दशक से भी ज्यादा समय से अपनी अदाकारी का जलवा बिखेर रही हैं। करीना ने अपने अब तक के करिअर में कई कमाल की परफोरमेंस दी है। हाल ही एक इंटरव्यू में करीना ने ऑन-स्क्रीन इंटीमेट सीन करने को लेकर अपने विचार शेयर किए और बताया कि वो इस तरह के सीन को क्यों पसंद नहीं करतीं। करीना ने द डर्टी मैगजीन के साथ बातचीत की। इस दौरान जब करीना से पूछा गया कि क्या वो इंटीमेट सीन करने में सहज महसूस करती हैं, तो उन्होंने साफ कर दिया कि उन्हें ये जरूरी नहीं लगता। करीना ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि ये किसी कहानी को प्रभावी बनाने के लिए जरूरी है।
मैं खुद को इस तरह के सीन करने में सहज नहीं महसूस करती। मैंने अब तक कभी ऐसा नहीं किया और आगे भी शायद नहीं करूंगी। भारतीय दर्शक अभी भी ऐसे दृश्यों को लेकर पूरी तरह खुले विचारों वाले नहीं हैं। जहां तक भारतीय दर्शकों की बात है, हम अभी भी पूरी तरह से खुले विचारों वाले नहीं हुए हैं। हमें इस दिशा में और प्रगति करने की जरूरत है, लेकिन ये धीरे-धीरे ही होगा। फिल्म निर्माण में दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखना जरूरी होता है।
मैं जिस जगह से आती हूं, वहां हम अभी भी पश्चिमी देशों की तरह खुले नहीं हैं। जबकि पश्चिम में महिलाओं की इच्छाओं को खुले तौर पर उठाया जाता है। वहां हमेशा से ही इस मामले में बहुत खुलापन रहा है। करीना ने साल 2003 में फिल्म 'चमेली' में एक सेक्स वर्कर का रोल किया था। अपनी बातचीत में करीना बताती हैं कि कैसे इस रोल की वजह से उन्हें कम उम्र में ही अपने आत्मविश्वास और सेक्शुअलिटी को निखारने में मदद मिली।
उल्लेखनीय है कि करीना ने साल 2000 में फिल्म ‘रिफ्यूजी’ के साथ अपने करिअर की शुरुआत की थी। पिछले साल करीना ‘क्रू’, ‘द बकिंघम मर्डर्स’ और ‘सिंघम अगेन’ जैसी फिल्मों में नजर आई थीं। करीना जल्द ही मेघना गुलजार की फिल्म ‘दायरा’ में नजर आ सकती हैं। इसमें उनके साथ मलयालम सुपरस्टार पृथ्वीराज सुकुमारन होंगे।
एकता कपूर ने वीडियो शेयर कर वजन के बारे में पूछा सवालअपने जमाने के सुपरस्टार जीतेंद्र की बेटी एकता कपूर मनोरंजन जगत में एक दिग्गज फिल्ममेकर के रूप में स्थापित हो चुकी हैं। उनके खाते में कई सफल फिल्में और टीवी शो हैं। वह हाल ही में चेन्नई पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वजन घटाने के तरीकों पर चर्चा की गई। वीडियो देखने के बाद लोग कह रहे हैं कि एकता ने एक्टर राम कपूर पर निशाना साधा है।
एकता ने अपने फॉलोअर से कहा, “क्या मुझे मौनजारो और ओजेम्पिक जैसी दवाएं लेनी चाहिए या एंटी-इंफ्लेमेटरी डाइट फॉलो करना चाहिए या बस चुप रहना चाहिए? या छोड़ दूं, हम बड़े ही अच्छे लगते हैं। इसके कैप्शन में एकता ने लिखा, “क्या ओजम्पिक हो जाए।” फैंस कयास लगा रहे हैं कि एकता ने राम पर तंज कसा है। उल्लेखनीय है कि राम के जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन से हर कोई हैरान है। राम ने वजन घटाने के के लिए ओजेम्पिक का इस्तेमाल करने या सर्जरी करवाने से इनकार किया है।
एकता ने एक और वीडियो शेयर किया है। इसमें एकता ने कहा, “मैंने हेल्दी वे में एक्ट्रेस को थोड़ा वजन बढ़ाने की सलाह दी है। हो गया यार, थोड़ा सा तो रेप्रेजेंटेशन चाहिए। 30 और 40 की महिलाओं पर जो मेटाबॉलिज्म का हमला हो रहा है। उम्र का, हॉर्मोंस का, उसका रेप्रेजेंटेशन तो चाहिए। खुद को भूखा रखकर और मेंटली टेंशन लेने की जगह हेल्दी रहने की जरूरत है।”