एक्टर करणवीर मेहरा पिछले कुछ समय से जबरदस्त लाइमलाइट में हैं। उन्होंने पिछले साल रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 14’ का खिताब जीतने के बाद 'बिग बॉस 18' की ट्रॉफी पर भी कब्जा जमाया। करणवीर लगातार इंटरव्यू में बिजी हैं। वे हाल ही मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह के पॉडकास्ट में पहुंचे। वहां करणवीर ने BB 18 के सफर और प्राइज मनी को लेकर खुलासा किया। करणवीर ने कहा कि 'KKK 14' कलर्स चैनल के साथ मेरा पहला शो था और अब मैं इस चैनल को छोड़ना नहीं चाहता। कलर्स चैनल कलाकारों को पहचान देता है। हालांकि 'BB 18' की प्राइज मनी 50 लाख रुपए है, जो अभी तक नहीं आई है।
वैसे 'KKK 14' का पैसा मिल चुका है और जो कार जीती थी वो अब बुक करवा ली है और जल्दी ही आ जाएगी। करण से पूछा गया कि क्या 'BB 18' की जीत पहले से तय थी? तो उन्होंने मजाक में कहा कि ट्रॉफी जीतने की कीमत मुझे अपनी कार और घर देकर चुकानी पड़ी। ये सब भगवान की प्लानिंग थी। हर किसी ने किसी न किसी तरह मेरी जीत में योगदान दिया। मैं घर के अंदर सिर्फ मजे कर रहा था, जीतने की खास इच्छा नहीं थी। मेरा हर हफ्ते का खर्च कवर हो रहा था, इसलिए हार-जीत से फर्क नहीं पड़ता। ये शो पर्सनलिटी पर आधारित है और दर्शकों को मेरी पर्सनलिटी पसंद आई।
मैं दूसरे नंबर पर भी आता तो मैं वही इंसान रहता। मैं अब ज्यादा से ज्यादा फैंस के साथ समय बिता रहा हूं। शो के अंदर मुझे लगने लगा था कि मैं जीत सकता हूं, लेकिन बाहर आकर जो प्यार मिल रहा है, वो उम्मीद से ज्यादा है। मेरे दिमाग में बस यही था कि मेरी मां यह शो देख रही हैं, इसलिए मैंने कभी गाली नहीं दी या लड़ाई-झगड़ा नहीं किया। मैंने मेकर्स से भी कह दिया था कि मैं शांति से ट्रॉफी जीतूंगा और फालतू चीजों में नहीं पड़ूंगा। 'बिग बॉस' पहले अलग वजहों से मशहूर था, लेकिन अब लोग कह रहे हैं कि मैंने शो की इमेज बेहतर बना दी है। अब कई एक्टर्स इस शो को करना चाहते हैं। बता दें करणवीर ने अपने करिअर की शुरुआत साल 2005 में टीवी शो 'रीमिक्स' से की थी। वे कई टीवी शो और फिल्मों में काम कर चुके हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत के बाद जावेद अख्तर ने की विराट कोहली की तारीफ तो…चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत और पाकिस्तान की हार के बाद लेखक और गीतकार जावेद अख्तर ने एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें उन्होंने लिखा, “विराट कोहली जिंदाबाद। हमें आप पर बहुत गर्व है।” उनकी इस पोस्ट पर एक शख्स ने भद्दा कमेंट कर दिया, जिसके बाद अख्तर भड़क उठे और उन्होंने उसकी क्लास लगा दी। सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, ‘जावेद, बाबर का बार कोहली है, बोलो जय श्रीराम।” इस पर जावेद ने लिखा, “मैं सिर्फ यही कहूंगा कि तुम एक नीच इंसान हो और नीच ही मरोगे। तुम क्या जानो देश प्रेम क्या होता है।”
इस पर दूसरे यूजर ने लिखा, “आज सूरज कहां से निकला है। अंदर से दुख होगा आपको तो।” फिर जावेद ने लिखा, “बेटा जब तुम्हारे बाप दादा अंग्रेज के जूते चाट रहे थे तो मेरे आजादी के लिए जेल और काला पानी में थे। मेरी रगों में देशप्रेमियों का खून है और तुम्हारी रगों में अंग्रेज के नौकरों का खून है। इस अंतर को भूलो नहीं।” इसके बाद हर तरफ से कमेंट्स की झड़ी लग गई। कोई जावेद के साथ दिखा, तो किसी ने उन्हें ट्रॉल किया। उल्लेखनीय है कि जावेद अपनी बेबाक टिप्पणियों के लिए जाने जाते हैं। वे किसी भी मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखते हैं। ऐसे में वे कई दफा लोगों के निशाने पर आ जाते हैं।