2 News : अनुषा के आरोप पर करण ने दिया करारा जवाब, सायरा ने सगाई की सालगिरह पर दिलीप साहब को किया याद

एक्ट्रेस अनुषा दांडेकर और एक्टर करण कुंद्रा ने एक-दूसरे को लंबे समय तक डेट किया। साल 2020 में दोनों का ब्रेकअप हो गया था। अब दोनों अपने-अपने जीवन में आगे बढ़ चुके हैं। अनुषा कई मौकों पर करण का नाम लिए बगैर उन पर चीटिंग का आरोप लगा चुकी हैं। हाल ही में अनुषा का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें अनुषा ने कहा कि वह किसी को डेट कर रही थीं और वो शख्स डेटिंग ऐप के जरिए अलग-अलग लड़कियों के साथ इंटिमेट हो रहा था। लोगों को लगा कि अनुषा एक बार फिर से करण पर निशाना साध रही हैं। अब करण ने इन आरोपों पर बात की है। करण ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक पोस्ट लिखी, जिसे उन्होंने कुछ देर बाद डिलीट कर दिया।

बॉलीवुडलाइफ डॉट कॉम के मुताबिक करण ने पोस्ट में लिखा था, “तीन घंटे में 87 आर्टिकल्स और वो किसलिए? एक पॉडकास्ट बेचने के लिए। क्या हमारे देश के युवा लड़के-लड़कियों में ये प्रेरणा भरी जा रही है? क्या ये आपके लिए मनोरंजन है? यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज ये क्रूर एलीट औरतें कुछ भी कह सकती हैं और उनकी सराहना की जाएगी, और मेरे जैसे आदमियों के पास जाने के लिए कोई जगह नहीं है। हम छोटे शहरों से आते हैं, बहुत मेहनत करते हैं, अपने प्रियजनों से दूर रहते हैं और कोई भी तब तक आपका सपोर्ट नहीं करता जब तक आपके अंदर से पूरा स्पार्क खत्म न हो जाए।

मैं सुबह के चार बजे ये पोस्ट लिख रहा हूं। कोई महिला जिसका कनेक्शन बॉलीवुड के परिवारों से है वो किसी भी आदमी के खिलाफ कुछ भी आरोप लगा सकती है और कोई उससे सवाल भी नहीं करेगा। यह व्यवस्थित उत्पीड़न है और ऐसे झूठे आरोप किसी भी शख्स को अंदर से तोड़ सकते हैं। किसी भी मेहनत करने वाले शख्स को इस तरह बदनाम करना बहुत गलत है।” इस तरह से करण ने भले ही अनुष्का का नाम नहीं लिया, लेकिन कोई भी समझ सकता है कि उनका इशारा एक्ट्रेस की ओर ही था। अनुष्का से ब्रेकअप के बाद से करण एक्ट्रेस तेजस्वी प्रकाश को डेट कर रहे हैं। दोनों सबसे पहले ‘बिग बॉस 15’ में मिले थे। वे तब से साथ हैं और फैंस उनकी शादी का इंतजार कर रहे है।
सायरा बानो ने पुरानी फोटो शेयर करने के साथ दिलीप कुमार को लेकर लिखा इमोशनल नोट

गुजरे जमाने की दिग्गज एक्ट्रेस सायरा बानो पिछले कुछ सालों से सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। आज गुरुवार (2 सितंबर) को सायरा और दिवंगत एक्टर दिलीप कुमार की सगाई की सालगिरह है। इस मौके पर सायरा ने दिलीप साहब को याद करते हुए एक भावुक नोट साझा किया है। सायरा ने इंस्टाग्राम पर सगाई की कुछ पुरानी मोनोक्रोम तस्वीरें भी साझा कीं। सायरा ने लिखा, “सच्चा प्यार क्या है, अगर उसमें विश्वास न हो? ऐसा विश्वास जो इतना गहरा हो कि सवाल, शक या तर्क की कोई जरूरत न पड़े।

2 अक्टूबर 1966 को मेरा दिल मेरे सच्चे प्यार, मेरे दिलीप साहिब के साथ जुड़ा। उस दिन से मैंने कभी सवाल नहीं उठाए, न ही कारण खोजे। चाहे खुशी के पल हों, दुख के दिन हों, या रोजमर्रा की शांत घड़ियां, मैंने उन्हें सिर्फ प्यार किया। प्यार में मोहब्बत है, मोहब्बत में जुनून है, और जुनून में जिंदगी। प्यार कोई शर्तों का बंधन नहीं, बल्कि पूर्ण समर्पण है। यह वह आजादी है जो बिना किसी बोझ, शक या अपेक्षा के आती है।

यह न कोई बोझ उठाता है, न शक रखता है, न कोई उम्मीद करता है, बल्कि यह सबसे मीठी आजादी देता है, खुद को पूरी तरह समर्पित करने की आजादी। इस समर्पण में मैंने प्यार की सच्ची सुंदरता देखी, जो बिना शर्त और हमेशा के लिए थी। आज जब मैं पीछे मुड़कर देखती हूं, तो दो आत्माओं को एक-दूसरे के लिए जीते और प्यार करते देखती हूं।” बता दें दिलीप और सायरा की शादी साल 1966 में हुई थी। दिलीप ने 7 जुलाई 2021 को 98 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। सायरा उन्हें अक्सर याद कर उनसे जुड़े किस्से शेयर करती रहती हैं।