2 News : ऐश्वर्या-अभिषेक के बाद करण ने भी खटखटाया कोर्ट का दरवाजा, ‘दयाबेन’ की वापसी के सवाल पर बोले ‘सुंदर’

मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक करण जौहर ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। करण का कहना है कि कई लोग उनके नाम और पहचान का इस्तेमाल कर अवैध रूप से सामान बेच रहे हैं, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंच सकता है। करण ने गुहार लगाई है कि ऐसे लोगों को रोका जाए, ताकि उनके नाम और पर्सनलिटी का दुरुपयोग न हो सके। उल्लेखनीय है कि अभिषेक बच्चन और उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन ने भी हाल ही ऐसी ही मांग रखी थी, जिसके बाद हाईकोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया। करण ने आज सोमवार (15 सितंबर) को कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

उनकी यह याचिका न्यायमूर्ति मनमीत पी.एस. अरोड़ा के समक्ष सुनवाई के लिए आई, जिन्होंने करण के वकील से कुछ स्पष्टीकरण मांगे और मामले को आगे की कार्यवाही के लिए शाम 4 बजे के लिए सूचीबद्ध कर दिया। करण ने कोर्ट से यह भी आग्रह किया है कि वह कुछ वेबसाइटों और प्लेटफार्मों को निर्देश देने के लिए एक आदेश पारित करे कि वे उनके नाम और छवि वाले मग और टी-शर्ट सहित माल की अवैध बिक्री न करें। करण की ओर से सीनियर एडवोकेट राजशेखर राव ने कहा कि मुझे यह सुनिश्चित करने का अधिकार है कि कोई भी अनधिकृत रूप से मेरे व्यक्तित्व, चेहरे या आवाज का उपयोग न करे।

उल्लेखनीय है कि हाल ही कोर्ट ने कई वेबसाइटों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स को अभिषेक की सहमति के बिना उनके नाम या तस्वीरों का व्यावसायिक लाभ के लिए अवैध रूप से इस्तेमाल करने से रोका था। साथ ही कोर्ट ने कहा कि यह स्पष्ट है कि अभिषेक के व्यक्तित्व के गुणों, जिनमें उनका नाम, तस्वीरें और साइन शामिल हैं, का प्रतिवादी वेबसाइटों और प्लेटफॉर्म्स द्वारा उनकी अनुमति के बिना, कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे तकनीकी उपकरणों का उपयोग करके दुरुपयोग किया जा रहा है।

जस्टिस तेजस करिया ने 10 सितंबर के आदेश में कहा कि ये गुण वादी के पेशेवर कार्यों और उनके करिअर के दौरान उनके जुड़ाव से जुड़े हैं। ऐसे गुणों के अनधिकृत उपयोग से उनकी साख और प्रतिष्ठा पर असर पड़ता है। इसके पहले हाईकोर्ट ने ऐश्वर्या के व्यक्तित्व से जुड़े प्रतीक और कंटेंट को बिना अनुमति इस्तेमाल करने पर भी रोक लगाई थी।
TMKOC के साथ असल जिंदगी में भी भाई-बहन हैं दिशा और मयूर वकानी


'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' 17 साल से लोगों के दिलों पर राज कर रहा है। इसका हर किरदार शानदार है। एक्टर मयूर वकानी TMKOC में ‘सुंदर’ का रोल कर रहे हैं। खास बात ये है कि वे सीरियल में ‘दयाबेन’ यानी एक्ट्रेस दिशा वकानी के भाई बने हैं, जो असल जिंदगी में भी उनकी बहन हैं। मयूर ने हाल ही एक इंटरव्यू में शो में दिशा की वापसी सहित कई मामलों पर बात की। दिशा ने साल 2017 में प्रेग्नेंसी के चलते शो से ब्रेक लिया था और तब से ही उनका किरदार ही शो से गायब हो गया।

बस उनके नाम का जिक्र होता है। दिशा के फिर से आने को लेकर खूब अटकलें लगाई जाती हैं, लेकिन इंतजार खत्म होने का ही नाम नहीं ले रहा। अब इस बारे में मयूर ने कहा कि मैंने दिशा के सफर को बहुत करीब से देखा है क्योंकि मैं उनसे दो साल बड़ा हूं। एक बात मैंने समझी है कि जब आप ईमानदारी और विश्वास के साथ काम करते हैं, तो ईश्वर का आशीर्वाद जरूर मिलता है। वह सचमुच धन्य हैं, लेकिन साथ ही उन्होंने कड़ी मेहनत भी की है। इसीलिए लोगों ने उन्हें ‘दया’ के रूप में इतना प्यार दिया है।

मेरे पिताजी ने मुझे हमेशा सही राह दिखाई है कि जीवन में भी हम कलाकार ही हैं। हमें जो भी भूमिका मिले, उसे पूरी ईमानदारी से निभाना चाहिए। हम आज भी उनकी सीख पर चलते हैं। फिलहाल दिशा असल जिंदगी में एक मां की भूमिका निभा रही हैं और उस भूमिका को पूरी लगन से निभा रही हैं। मुझे पूरा यकीन है कि मेरी बहन के मन में भी हमेशा यही बात रही होगी।