बॉलीवुड के मशहूर निर्माता और निर्देशक करण जौहर शनिवार को जैसलमेर में दिखाई दिए। शहर के प्रसिद्ध रमेश टॉकीज में उनके आगमन ने फिल्म प्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ा दी। करण जौहर अपनी टीम के साथ फिल्म द रिवेन्ज - धुरंधर 2 देखने पहुंचे। जानकारी के अनुसार, उन्होंने पूरी इवनिंग शो के लिए सिनेमा हॉल बुक करवा लिया था ताकि टीम के साथ आराम से फिल्म का आनंद ले सकें। इस दौरान सुरक्षा और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा गया। वहीं, उनके अचानक पहुंचने की खबर मिलते ही कुछ उत्साही फैंस सिनेमाघर के बाहर इकट्ठा हो गए। फिल्म देखने के बाद करण जौहर ने सोशल मीडिया पर भी अपनी प्रतिक्रिया साझा की, जो तेजी से वायरल हो रही है।
करण जौहर ने किया 'धुरंधर 2' का रिव्यूफिल्म की रिलीज़ के नौ दिन बाद करण जौहर ने रिव्यू साझा करते हुए लिखा, “टेस्टोस्टेरोन, हाईपर अल्फा एनर्जी और देशभक्ति की बातें तो चलती ही रहेंगी। लेकिन 'धुरंधर 2' इससे कहीं अधिक है। जसकिरत की दिल दहला देने वाली बैकस्टोरी, मातृभूमि के लिए किए गए दिल तोड़ने वाले बलिदान और यहां तक कि विलेन का मानवीय पक्ष—हर परत शानदार तरीके से दिखाई गई है। अद्वितीय क्राफ्ट, साउंडस्केप और सिनेमैटिक हुनर आदित्य धर की प्रतिभा और निर्देशन की गहराई को साबित करता है। वह सचमुच कमाल के फिल्ममेकर हैं। वे न केवल मेनस्ट्रीम सिनेमा का स्तर ऊँचा उठाते हैं, बल्कि एक नया मानक भी स्थापित करते हैं।”
70 के दशक की याद दिला गई फिल्मआगे करण जौहर ने लिखा, “यह एक नया डायरेक्टर है! बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ते हुए इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाएगा। रणवीर सिंह, तुम क्या चीज़ हो यार! यह तुम्हारे करियर का अब तक का सबसे बेहतरीन काम है। तुम्हारे हर आंसू, हर खामोश नजर और जबरदस्त स्वैग ने साबित कर दिया कि तुम महान कलाकारों में से एक हो। सचमुच 'धुरंधर' फिल्म स्टार हो। फिल्म देखकर मुझे 70 के दशक की सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में देखे गए दमदार हिंदी सिनेमा की याद आ गई। यह अनुभव मुझे इस इंडस्ट्री का हिस्सा होने पर गर्व और कृतज्ञता महसूस कराता है।”
फिल्म के दौरान हल्की बातचीत और स्थानीय उत्साहइंटरवल के दौरान करण जौहर और उनकी टीम ने हल्के-फुल्के अंदाज में स्नैक्स का आनंद लिया और बातचीत करते नजर आए। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा रही कि बड़े फिल्म निर्माता का जैसलमेर में अचानक आगमन किसी खास प्रोजेक्ट से जुड़ा हो सकता है। इस विजिट ने शहर में फिल्मी माहौल बना दिया और सिनेप्रेमियों में उत्साह बढ़ा दिया।
करण जौहर इस समय जैसलमेर में अपने चर्चित रियलिटी शो “द ट्रेटर्स” सीजन 2 की शूटिंग के सिलसिले में हैं। यह शो शहर के लग्जरी होटल सूर्या गढ़ में शूट किया जा रहा है, जहां पहले सीजन की शूटिंग भी बड़े स्तर पर हुई थी। ऐतिहासिक लुक और डेजर्ट लोकेशन के कारण जैसलमेर इस शो के लिए परफेक्ट लोकेशन साबित हुआ। करण जौहर न केवल शूटिंग कर रहे हैं, बल्कि धुरंधर 2 का भी भरपूर आनंद ले रहे हैं।