कपूर फैमिली का फिल्म इंडस्ट्री से सालों पुराना नाता है। हर कोई उनके बारे में जानने को बेकरार रहता है। अब उनके फैंस के लिए खुशखबरी है। ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स की अपकमिंग फैमिली डॉक्यूमेंट्री ‘डाइनिंग विद द कपूर्स’ अगले महीने रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। निर्माताओं ने आज शुक्रवार (31 अक्टूबर) को आधिकारिक तौर पर रिलीज की तारीख की घोषणा की। अरमान जैन द्वारा निर्मित यह फिल्म 21 नवंबर को स्ट्रीम होगी। यह शो कपूर परिवार के जीवन पर एक अंतरंग नजर डालता है जहां वे बेबाक बातचीत, अंतहीन गपशप और अविश्वसनीय जीवन की कहानियों में उलझे रहते हैं।
इसका नया पोस्टर शेयर करते हुए नेटफ्लिक्स ने लिखा, “कपूर खानदान का लंच इनवाइट आ गया है और आप आमंत्रित हैं! डाइनिंग विद द कपूर्स देखिए, 21 नवंबर को, सिर्फ़ नेटफ्लिक्स पर।” इसमें करीना, करिश्मा, रणबीर, नीतू, रिद्धिमा और रणधीर समेत पूरा कपूर खानदान एक साथ नजर आएगा। परिवार के सभी सदस्य एक ही मेज पर खाना खाएंगे और ढेर सारी यादें ताजा करेंगे। यह इस फैमिली की ट्रेडीशनल फूड हैबिट, उनके फैमिली रिलेशन, सिनेमा और विरासत जैसे सब्जेक्ट पर बेस्ड है, क्योंकि यह फेमस बॉलीवुड फैमिली के कंट्रीब्यूशन, रीति-रिवाजों और फिल्म इंडस्ट्री तथा एक-दूसरे के प्रति उनके स्नेह को गहराई से दर्शाता है।
यूजर्स ने इसको लेकर काफी उत्सुकता दिखाई है और वे लगातार कमेंट कर रहे हैं। भूमि पेडनेकर, अर्जुन कपूर और सादिया खतीब जैसी बॉलीवुड हस्तियों ने भी इस पोस्ट पर लाइक्स के साथ रिएक्शन दी। सादिया ने कमेंट किया, “आप लोग बहुत शानदार लग रहे हैं।” नेटफ्लिक्स पर डॉक्यूमेंट्री के विवरण में लिखा है, “कपूर परिवार के प्रसिद्ध खाने की मेज पर कुर्सी खींचिए और प्यार और हंसी का भरपूर आनंद लीजिए, क्योंकि वे अपने खाने, परिवार और फिल्मों की विरासत का जश्न मना रहे हैं।”
इस डॉक्यूमेंट्री का डायरेक्शन स्मृति मुंद्रा ने किया है। उल्लेखनीय है कि हिंदी सिनेमा पर 1930 के दशक से राज करने वाले कपूर खानदान की आज भी बॉलीवुड में काफी इज्जत है। इससे पहले साल 2024 में पूरे देश के 40 शहरों में रणबीर के दादा दिवंगत राज कपूर की 10 सुपरहिट फिल्मों की प्रदर्शनी रखी गई थी। बॉलीवुड के 'शोमैन' राज कपूर के खाने के शौक से जुड़े किस्से आज भी सुनने को मिलते हैं।
सलमान की मूवी ‘बैटल ऑफ गलवान’ में अमिताभ को लेकर लग रही थीं अटकलेंसुपरस्टार सलमान खान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' लगातार चर्चाओं में बनी हुई है। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान का एक सीन वायरल हुआ था जिसमें अमिताभ बच्चन और फिल्म के डायरेक्टर अपूर्व लाखिया एक साथ नजर आए थे। तब से ऐसी खबरें आ रही थीं कि सलमान के साथ इस मूवी में अमिताभ हैं। इन खबरों को लेकर अब अपूर्व ने चुप्पी तोड़ी और बता दिया कि आखिर सच क्या है। जब अपूर्व से पूछा गया कि क्या इस फिल्म में अमिताभ भी हैं, तो इस पर उन्होंने कहा कि नहीं, वो इस फिल्म में नहीं हैं, पास के स्टूडियों में कमर्शियल शूट करने आए थे तो मैं उनसे मिलकर हैलो कहने गया था।
दरअसल अपूर्व ने इंस्टा स्टोरीज पर इस मुलाकात की तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा था, “अंदाजा लगाओ कि वह मुझे क्या बता रहे हैं? #legendonsetstoday” तभी से मीडिया में इस तरह की बातें आने लगीं कि कि अमिताभ अगर फुल रोल में नहीं तो ‘बैटल ऑफ गलवान’ में कैमियो करते जरूर नजर आएंगे। खास बात है कि अपूर्व और बिग बी इससे पहले 'मुंबई से आया मेरा दोस्त' और ‘एक अजनबी’ फिल्म में साथ काम कर चुके हैं। इस कारण भी अटकलें लगाई जाने लगी कि एक बार फिर से उनकी जोड़ी रंग जमाएगी।
'बैटल ऑफ गलवान' की बात करें तो इसमें सलमान के अपोजिट चित्रांगदा सिंह लीड रोल में हैं। फिल्म में साल 2020 में 'बैटल ऑफ गलवान' वैली में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच बिना हथियार के हुए युद्ध को दिखाया जाएगा। सलमान आर्मी अफसर का रोल निभाएंगे। इस फिल्म से सलमान का लुक भी सामने आया था जिसमें वे जख्मी हालत में नजर आए थे।