2 News : कपिल शर्मा ने शो में उदित नारायण के Kiss विवाद पर ली चुटकी, देखें वीडियो, बढ़ाई गई कॉमेडियन की सुरक्षा

ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का तीसरा सीजन भी धमाल मचा रहा है। आने वाले एपिसोड में म्यूजिक इंडस्ट्री के चार दिग्गज विशाल ददलानी, शेखर रावजियानी, शान और नीति मोहन नजर आएंगे। प्रोमो वीडियो में दिखाया गया है कि कपिल शर्मा ने एक मजेदार किस्सा छेड़ते हुए सिंगर उदित नारायण की ‘किस’ वाली विवादित घटना पर चुटकी ली, जिसे सुनकर दर्शकों के ठहाके गूंज उठे। कपिल सिंगर शान की तरफ देखते हुए कहते हैं, “शान भाई और उदित सर, दोनों हंसते-हंसते गाते हैं, दोनों से मिलने फैन स्टेज पर आते हैं। ये बात अलग है कि शान भाई जादू की झप्पी देते हैं और उदित जी तो जादू ही कर देते हैं।”

इस पर वहां मौजूद सभी गेस्ट और दर्शक हंस पड़े। इतना ही नहीं कपिल ने आगे एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह के साथ बैठे पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू को भी नहीं छोड़ा। प्रोमो में आगे सिद्धू कहते दिखाई दिए, “इश्क जिनको हैं वतन से, खुद ही को मिटाते रहेंगे। शमा महफिल में जलती रहेगी, परवाने और भी आते रहेंगे।” इसी को कंटीन्यू करते हुए कपिल ने कहा, “शम्मा भले ही जलती रहे, परवाने और भी आते रहेंगे। जैसे ही कैमरा हटा, हम अर्चना का हाथ दबाते रहेंगे।” इसके बाद सभी जोर-जोर से ठहाके लगाने लगते हैं।

उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले उदित का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे महिला फैन को मंच पर किस करते नजर आए। इसके बाद उन्हें जमकर ट्रॉल किया गया। तब उदित ने सफाई देते हुए कहा था कि फैंस इतने दीवाने होते हैं न। हम लोग वैसे नहीं हैं, हम डीसेंट लोग हैं। कुछ लोग अपने प्यार का इजहार इस तरह करते हैं। इतनी बड़ी भीड़ होती है, बॉडीगार्ड भी मौजूद होते हैं, लेकिन फैंस सोचते हैं कि मौका मिल रहा है, तो कोई हाथ मिलाता है, कोई हाथ चूमता है…ये सब दीवानगी होती है, उस पर इतना ध्यान नहीं देना चाहिए। यह घटना बिल्कुल अचानक हुई थी और इसे जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। मैं 46 साल से बॉलीवुड में हूं और मेरी ऐसी इमेज कभी नहीं रही।
कपिल के कनाडा स्थित कैफे में 1 महीने में 2 बार हो चुकी है गोलीबारी

दिग्गज कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैप्स कैफे पर एक महीने के अंदर 2 बार फायरिंग हो चुकी है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके कपिल को धमकी भी दी है। ऐसे में कपिल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुंबई पुलिस ने कपिल के मुंबई स्थित ओशिवारा घर के आस-पास सशक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। इसके अलावा उनके शूटिंग लोकेशन के आस-पास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कैफे पर पहला हमला 10 जुलाई को हुआ था।

इसकी जिम्मेदारी बब्बर खालसा इंटरनेशनल के सदस्य हरजीत सिंह लड्डी ने ली थी। उसका कहना था कि ये शो के दौरान सिख समुदाय के पहनावे पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का जवाब है। दूसरा हमला 8 अगस्त को हुआ जिसमें लगभग 25 गोली चलने की रिपोर्टें हैं। इस घटना की जिम्मेदारी गोल्डी ढिल्लों नाम के गैंगस्टर और बिश्नोई गिरोह ने ली है। हमले के दौरान शूट किए गए वीडियो में किसी आवाज में चेतावनी भी दी गई।

कहा गया कि हमने उसे फोन किया, लेकिन उसने कॉल नहीं उठाई इसलिए कार्रवाई करनी पड़ी। अगर यह नहीं सुनता, तो अगली कार्रवाई मुंबई में होगी। कपिल और उनकी पत्नी गिन्नी चतरथ ने इस पर रिएक्शन देते हुए वीडियो पोस्ट कर हिंसा की निंदा की है। उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर हिंसा का सामना करेंगे।”