सिर्फ द ग्रेट इंडियन कपिल शो से ही नहीं, इन तमाम रास्तों से भी होती है कपिल शर्मा की बंपर कमाई; जानिए कितनी है उनकी कुल संपत्ति

भारत में जब भी कॉमेडी की बात होती है, तो कपिल शर्मा का नाम सबसे पहले ज़हन में आता है। वो सिर्फ एक कॉमेडियन या अभिनेता नहीं हैं, बल्कि आज एक ऐसा ब्रांड बन चुके हैं, जिसे हर उम्र के लोग पसंद करते हैं। हाल ही में कपिल को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई, जब उनके कनाडा स्थित कैफे पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाईं। इस फायरिंग की ज़िम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली है।

हालांकि राहत की बात ये रही कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर कपिल शर्मा की लोकप्रियता और उनकी अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति की चर्चा को हवा दे दी।

कपिल शर्मा की कमाई के पीछे हैं कई मजबूत स्तंभ

कपिल शर्मा को लोग भले ही उनके सुपरहिट शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो के लिए जानते हैं, लेकिन उनकी कमाई के स्रोत इससे कहीं ज्यादा व्यापक हैं। खबरों की मानें तो कपिल एक एपिसोड के लिए करीब 50 लाख रुपये चार्ज करते हैं और तीसरे सीजन के लिए उन्होंने लगभग 65 करोड़ रुपये लिए हैं। लेकिन यही अंत नहीं है – कपिल की इनकम का एक बड़ा हिस्सा अंतरराष्ट्रीय लाइव शोज़ और ब्रांड एंडोर्समेंट्स से भी आता है। उनकी हाजिरजवाबी और दिल जीत लेने वाली मुस्कान उन्हें ग्लोबल लेवल पर एक लोकप्रिय चेहरा बनाती है।
समझदारी से किए गए निवेश ने और बढ़ाई है संपत्ति

कपिल न सिर्फ एक परफॉर्मर हैं, बल्कि एक चतुर निवेशक भी हैं। उन्होंने मुंबई में एक लग्ज़री अपार्टमेंट और पंजाब में एक खूबसूरत फार्महाउस में निवेश किया है। उनकी लाइफस्टाइल भले ही शानदार हो, लेकिन वह सादगी से जीने में भी यकीन रखते हैं। हाल ही में कपिल ने अपनी पत्नी गिन्नी चतरथ के साथ मिलकर कनाडा के सरे शहर में एक खूबसूरत कैफे लॉन्च किया है – जिसका नाम है “कैप्स कैफे”। सोशल मीडिया पर इस कैफे की तस्वीरें और वीडियो काफी वायरल हो रहे हैं। यह उनका रेस्तरां इंडस्ट्री में पहला कदम है और इस क्षेत्र में भी उनका अंदाज़ लोगों को खूब पसंद आ रहा है।

K9 प्रोडक्शंस और ब्रांड वैल्यू

कपिल की अपनी प्रोडक्शन कंपनी K9 प्रोडक्शंस भी कई प्रोजेक्ट्स में सक्रिय है। उन्होंने इसमें न सिर्फ शो बनाए हैं बल्कि कुछ स्टार्टअप्स में भी निवेश किया है। उनकी ब्रांड वैल्यू की बात करें तो वह कई नामी-गिरामी ब्रांड्स के विज्ञापनों का हिस्सा हैं, जिनमें FMCG से लेकर मोबाइल और फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स तक शामिल हैं।

कितनी है कपिल शर्मा की कुल संपत्ति?


अनुमानों के मुताबिक, कपिल शर्मा की कुल नेट वर्थ लगभग 300 करोड़ रुपये है। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने सिर्फ कॉमेडी नहीं की, बल्कि मेहनत, स्मार्ट सोच और सही समय पर सही फैसलों का बेहतरीन मेल पेश किया।