वायरल हो रहा है कपिल-भारती का ‘बचपन का प्यार’ गाना, जानें-क्या हुआ जब बीच में आ गई एक Fan

कॉमेडी से भरपूर शो द कपिल शर्मा की जल्द ही वापसी होने जा रही है। इसमें कपिल शर्मा, भारती सिंह सहित कई कलाकार आपका मनोरंजन करेंगे। हालांकि हमेशा चर्चाओं में रहने वाले ये कलाकार इससे पहले भी सुर्खियां बटोर रहे हैं। कपिल और भारती ने एक बार फिर मजेदार अंदाज से लाखों दर्शकों का दिल जीता है, लेकिन कुछ यूजर इसके लिए उन्हें आड़े हाथ भी ले रहे हैं। कपिल और भारती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों 'बचपन का प्यार' गाना गाते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर वीडियो शेयर किया है।

कई फैंस को पसंद आया अंदाज, तो कुछ ने कहा बकवास

कपिल और भारती कार में बैठकर सहदेव कुमार का ‘बचपन का प्यार’ गाना गाते हुए दिखाई दे रहे हैं। जब वे गा रहे होते हैं तो उनके साथ कोई और भी मौजूद होता है। जब भारती अपना कैमरा उसकी तरफ घुमाती है तो फैन वहां से भाग जाती है। कपिल और भारती मिलकर उससे कहते हैं- यह है जानेमन, कहां भाग रही हो? रुको… रुको फोटो तो खिचाओं। फैंस इस वीडियो पर रिएक्शन दे रहे हैं। कुछ ने इसकी तारीफ की तो कुछ ने कहा कि गाने की बैंड बजा दी।

जल्द जमेगा द कपिल शर्मा शो का रंग

उल्लेखनीय है कि द कपिल शर्मा शो सोनी टीवी पर बहुत जल्द शुरू होने वाला है। माना जा रहा है कि ये 15 अगस्त को खत्म होने जा रहे इंडियन आइडल-12 का स्थान लेगा। शो का प्रोमो भी रिलीज कर दिया गया है। शो की पूरी टीम ने वैक्सीन की दोनों डोज ले ली हैं। शो में कपिल-भारती के साथ कृष्णा अभिषेक, सुदेश लहरी और कीकू शारदा भी नजर आएंगे। हालांकि दर्शकों को सुमोना चक्रवर्ती की कमी खलेगी। एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह एक बार फिर जज की भूमिका निभाएंगी।