ऋषभ शेट्टी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कांतारा: अ लीजेंड – चैप्टर 1’ की एडवांस टिकट बुकिंग शुरू हो चुकी है और इसका रिस्पॉन्स बिल्कुल वैसा ही है जैसा उम्मीद की जा रही थी – ज़बरदस्त और धमाकेदार। 2022 में आई ‘कांतारा’ ने भारतीय सिनेमा में जिस तरह अपनी अलग पहचान बनाई, उसके बाद से ही दर्शक इसके प्रीक्वल का इंतजार कर रहे थे। अब जब फिल्म की रिलीज डेट करीब है, तो फैंस इसे बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेताब नज़र आ रहे हैं।
मेकर्स ने 2 अक्टूबर को रिलीज होने वाली इस फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है और शुरूआत में ही जबरदस्त आंकड़े सामने आ रहे हैं। खासतौर पर अमेरिका में इस फिल्म ने ओपनिंग से पहले ही कमाई के मामले में झंडे गाड़ दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, भारत में पहले ही दिन 1.88 लाख रुपये की बुकिंग हुई है, वहीं अमेरिका में 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की एडवांस बुकिंग हो चुकी है, जो कि किसी क्षेत्रीय फिल्म के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
फिलहाल ‘कांतारा: चैप्टर 1’ की एडवांस बुकिंग कर्नाटक और अमेरिका में शुरू की गई है, लेकिन जिस रफ्तार से टिकटें बिक रही हैं, उससे ये साफ है कि बाकी राज्यों और देशों में भी फिल्म को लेकर उतना ही क्रेज है। फिल्म का ट्रेलर पहले ही धमाका कर चुका है और यूट्यूब समेत अन्य प्लेटफॉर्म्स पर मिलियन व्यूज़ बटोर चुका है।
यह फिल्म होम्बले फिल्म्स की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है। इसमें ऋषभ शेट्टी का अभिनय तो है ही, साथ ही फिल्म की तकनीकी टीम ने इसे एक विजुअल ट्रीट में बदल दिया है। बी. अजनीश लोकनाथ का संगीत, अरविंद कश्यप की सिनेमैटोग्राफी और विनेश बंग्लान की प्रोडक्शन डिज़ाइन फिल्म को एक अलग ही स्तर पर ले जाती है।
फिल्म में एक विशेष वॉर सीक्वेंस भी तैयार किया गया है, जिसमें 500 से ज्यादा फाइटर्स और 3,000 एक्स्ट्राज़ शामिल हैं। यह सीक्वेंस 25 एकड़ में फैले एक पूरे शहर में 45 से 50 दिनों तक शूट किया गया, जो इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास में अब तक के सबसे बड़े एक्शन सीन्स में से एक बनाता है।
‘कांतारा: चैप्टर 1’ को कन्नड़, हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, बंगाली और अंग्रेज़ी समेत सात भाषाओं में रिलीज किया जा रहा है, जिससे यह साफ है कि मेकर्स इसे सिर्फ एक रीजनल फिल्म नहीं, बल्कि ग्लोबल इवेंट की तरह पेश करने जा रहे हैं।
ऐसे में अब देखना ये है कि 2 अक्टूबर को रिलीज के दिन बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म क्या नया रिकॉर्ड बनाती है। लेकिन अभी तक के आंकड़े और दर्शकों का जोश देखकर कहा जा सकता है कि ‘कांतारा: चैप्टर 1’ सिनेमा प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव बनने जा रही है।