एक्ट्रेस कंगना रनौत (39) फिल्मी दुनिया के साथ अब राजनीति का भी प्रमुख चेहरा बन चुकी हैं। वह साल 2024 के लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुई थीं। कंगना अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं और किसी भी मुद्दे पर खुलकर राय रखती हैं, फिर चाहे कोई उनसे सहमत हो या नहीं। कंगना ने अब अपने परिवार को लेकर बात की है। हाउटरफ्लाई के साथ बातचीत में कंगना ने कहा कि मेरी मां का पहला बच्चा एक लड़का था जो जीवित नहीं बचा। जन्म के 10 दिन बाद ही उसकी मृत्यु हो गई।
मेरे पिता ने उसका नाम हीरो रखा था, इसलिए उसे खोना उनके लिए बेहद दर्दनाक अनुभव था। उसका जन्म एक अस्पताल में हुआ था। उसका वजन 3.5 किलो था और उसे कोई मेडिकल कॉम्प्लिकेशन नहीं था। मेरी मां का मानना है कि अस्पताल के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण उसकी मौत हो गई, क्योंकि उन्होंने उसकी गर्भनाल गलत तरीके से काट दी थी। उसके बाद मेरी दादी ने यह फैसला सुनाया कि हममें से कोई भी अस्पताल में पैदा नहीं होगा। इस घटना के बाद मेरी मां तीन बार और मेरी मौसी दो बार गर्भवती हुईं और हम सभी एक ही घर में एक ही कमरे में पैदा हुए। हमारे लिए अस्पतालों पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
कंगना ने कहा कि पितृसत्ता हमारे घर में गहराई तक समाई हुई थी। अब मेरे माता-पिता इन बातों को लेकर शर्मिंदा महसूस करते हैं, लेकिन उस जमाने में परिवार में लड़कियों को अक्सर नीचा दिखाया जाता था और उनका मजाक उड़ाया जाता था। वे ऐसी टिप्पणियां करते थे कि इसको ये नहीं सिखाया, इसको अंदर रखो वरना बड़ी लड़की की शादी नहीं होने देगी। इन टिप्पणियों ने मेरे भाई-बहनों के साथ मेरे रिश्ते को प्रभावित किया और अक्सर मुझे अकेलापन महसूस कराया।
कंगना ने कहा, मेरी सभी सहेलियों को कक्षा 6 से 9 के बीच मासिक धर्म आ गया था…कंगना ने किशोरावस्था की एक और दर्दनाक याद शेयर की। कंगना ने कहा कि मेरी सभी सहेलियों को कक्षा 6 से 9 के बीच मासिक धर्म आ गया था और मैं अभी भी इंतजार कर रही थी। इससे मेरी मां चिंतित हो गईं। उस समय मैं अपने गुड़ियाघर को लेकर बहुत ज्यादा जुनूनी थी। एक दिन मेरी मां बहुत गुस्सा हुईं। उन्हें लगा कि मेरे मासिक धर्म में पहले ही देरी हो चुकी है और मैं अभी भी गुड़ियों में खोई हुई हूं। उन्होंने उन्हें फेंक दिया, यह सोचकर कि देरी का कारण वे ही हैं।
फिर एक दिन मैं उठी और मेरे आस-पास की हर चीज खून से सनी हुई थी। मैं बहुत डर गई, जबकि मेरी मां खुश थीं कि आखिरकार मेरा मासिक धर्म शुरू हो गया। कंगना के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी पिछली फिल्म इसी साल रिलीज हुई ‘इमरजेंसी’ थी। इसमें कंगना ने दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का रोल प्ले किया था। हालांकि फिल्म को फैंस से खास रिस्पोंस नहीं मिला और यह बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई। फिल्म काफी विवादों में भी रही और इसे रिलीज में बहुत परेशानी झेलनी पड़ी।