अभिनेत्री से नेता बनीं कंगना रनौत अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रही हैं। अपनी बेबाक राय और सामाजिक मुद्दों पर मुखरता के लिए जानी जाने वाली कंगना ने इस बार अपने संसदीय क्षेत्र मंडी, हिमाचल प्रदेश की बिजली समस्या को संसद में उठाया।
बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने लोकसभा सत्र के दौरान केंद्र सरकार की विद्युतीकरण योजनाओं की सराहना की, लेकिन साथ ही मंडी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने बताया कि भारी बर्फबारी के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो जाते हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती आम बात हो गई है।
कंगना की अपील: सांसद ने कहा, अक्सर हफ्तों तक बिजली नहीं रहती, जिससे छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सेराज, बंजार और कुल्लू जैसे कई विधानसभा क्षेत्रों में स्थिति चिंताजनक है। मैं केंद्र सरकार और हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड से आग्रह करती हूं कि जल्द से जल्द 100% विद्युतीकरण सुनिश्चित किया जाए।
गौरतलब है कि मंडी पहाड़ी इलाका है और इसकी भौगोलिक स्थिति के कारण नवंबर से फरवरी के बीच तापमान शून्य से नीचे चला जाता है। वहीं, जुलाई और सितंबर की भारी बारिश भी बिजली आपूर्ति को बाधित करती है। कंगना की इस पहल को क्षेत्रवासियों की उम्मीदों से जोड़कर देखा जा रहा है, जो लंबे समय से इस समस्या के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।