कोर्ट की दहलीज पर पहुँची जॉली एलएलबी 3, अक्षय कुमार, अरशद वारसी और निर्देशक सुभाष कपूर को समन; लगे ये आरोप

बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म जॉली एलएलबी 3 अब कानूनी मुश्किलों में फंसती दिखाई दे रही है। अक्षय कुमार और अरशद वारसी के साथ फिल्म के निर्देशक सुभाष कपूर को पुणे की एक सिविल कोर्ट से समन भेजा गया है। यह कदम वकील वाजेद रहीम खान की ओर से दायर याचिका के बाद उठाया गया। अदालत ने तीनों को 28 अक्टूबर की सुबह 11 बजे व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है।

शिकायत में क्या कहा गया है?

याचिकाकर्ता वकील वाजेद रहीम खान का आरोप है कि फिल्म ने न्यायपालिका का उपहास किया है और अदालत की कार्यवाही को हास्य के रूप में पेश कर पेशे का अपमान किया है। उन्होंने खासकर एक दृश्य पर आपत्ति जताई, जिसमें जजों को मामा कहकर संबोधित किया गया है। उनका कहना है कि यह शब्द एक स्लैंग है और इस तरह की अभिव्यक्ति से वकीलों और जजों की गरिमा ठेस पहुँचती है।

एएनआई से बातचीत में खान ने कहा, वकील और न्यायाधीश समाज में सम्मानित स्थान रखते हैं। फिल्म में उन्हें हल्के अंदाज़ में दिखाना पूरी तरह अनुचित है। इसी कारण मैंने कोर्ट में याचिका दाखिल की और अब अदालत ने तीनों को समन जारी किया है।

विवाद की शुरुआत कैसे हुई?


इस विवाद की जड़ 2024 में फिल्म के पहले टीज़र की रिलीज़ के बाद पड़ी थी। हाल ही में लॉन्च किए गए नए टीज़र में अक्षय कुमार और अरशद वारसी अपने-अपने जॉली किरदारों के टकराव को लेकर आमने-सामने दिखाई देते हैं। यही वीडियो वकीलों के एक वर्ग को आपत्तिजनक लगा और उन्होंने कानूनी कार्यवाही का रास्ता चुना।
जॉली एलएलबी फ्रेंचाइज़ी का सफर

2013 में आई पहली जॉली एलएलबी अरशद वारसी के अभिनय से सजी थी और महज ₹10 करोड़ के बजट पर लगभग ₹50 करोड़ की कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई। इसके बाद 2017 में अक्षय कुमार स्टारर जॉली एलएलबी 2 आई, जिसने दुनियाभर में ₹200 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर फ्रेंचाइज़ी को सुपरहिट सीरीज़ का दर्जा दिलाया।

अब तीसरे भाग में पहली बार अक्षय और अरशद एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। दोनों अपने-अपने जॉली किरदार को दोहराते हुए अदालत में हास्य और ड्रामा का संगम पेश करेंगे।

फिल्म की टीम और रिलीज़

इस फिल्म की पटकथा और निर्देशन सुभाष कपूर ने संभाला है, जबकि निर्माण आलोक जैन और अजीत अंधारे ने स्टार स्टूडियो 18 के बैनर तले किया है। दर्शकों को लंबे समय से इस भिड़ंत का इंतज़ार है और जॉली एलएलबी 3 19 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।