‘जॉली एलएलबी 3’ की एडवांस बुकिंग में धीमी शुरुआत, पहला दिन 10 करोड़ की उम्मीद

अक्षय कुमार और अरशद वारसी स्टारर 'जॉली एलएलबी 3' पिछले कई दिनों से अपने विवादों के चलते चर्चाओं में रही है। हालांकि यह फिल्म अपनी पिछली दोनों फिल्मों के कारण शुरूआत से ही दर्शकों की जुबान पर रही है। निर्देशक सुभाष कपूर की जॉली एलएलबी 3 अरशद वारसी और अक्षय कुमार अभिनीत इस सफल फ्रेंचाइजी का तीसरा भाग है। गौरतलब है कि पहले भाग में जहाँ अरशद वारसी नजर आए थे, वहीं दूसरे भाग में अक्षय कुमार जॉली के रूप में दर्शकों के सामने आए। इन दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन कमाई के आंकड़े पेश किए थे। अब अगर जॉली एलएलबी 3 थोड़ी भी उम्मीदों पर खरी उतरती है तो इसे ज़बरदस्त वर्ड ऑफ माउथ का फायदा मिल सकता है।

सुभाष कपूर के निर्देशन में बनी यह तीसरी किस्त, एक बार फिर कोर्टरूम ड्रामा के साथ सामाजिक मुद्दे को दर्शकों के सामने लाने जा रही है। फिल्म की एडवांस बुकिंग शनिवार को शुरू हुई थी। शनिवार से लेकर अभी समाचार लिखे जाने तक इस फिल्म को एडवांस बुकिंग में कोई विशेष सफलता नहीं मिली है। अभी तक पहले दिन के लिए करीब 19,860 टिकटें अब तक बिक चुकी हैं, जो कि स्टार कास्ट और पिछली सफलताओं को देखते हुए कमजोर शुरुआत मानी जा रही है।

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने अब तक एडवांस बुकिंग से लगभग ₹62.7 लाख का कलेक्शन किया है, जबकि ब्लॉक सीट्स मिलाकर यह आंकड़ा ₹1.99 करोड़ तक पहुँच चुका है। इसके बावजूद बॉक्स ऑफिस को यह उम्मीद है कि गुरुवार रात तक यह आंकड़ा ₹10 करोड़ तक पहुँचन सकता है।

ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुसार, 'जॉली एलएलबी 3' को पहले दिन डबल डिजिट ओपनिंग मिलने की पूरी उम्मीद है। अगर फिल्म को पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ मिला, तो शनिवार और रविवार को इसकी कमाई में दोगुनी उछाल आ सकती है।

फिल्म में इस बार दोनों 'जॉली' यानी अक्षय कुमार और अरशद वारसी पहली बार एक साथ दिखाई देंगे। इन दोनों के साथ सौरभ शुक्ला एक बार फिर जज त्रिपाठी के रूप में लौट रहे हैं। ट्रेलर के अनुसार, इस बार की कहानी किसानों की ज़मीन पर कब्जा करने वाले राजनेताओं और प्रभावशाली लोगों के खिलाफ एक कोर्ट केस पर आधारित है।

फिल्म में हुमा कुरैशी और अमृता राव भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगी। 'जॉली एलएलबी 3' 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है।