2 News : जॉन अब्राहम की मूवी ‘द डिप्लोमैट’ का ट्रेलर आया सामने, अपने परिवार के साथ प्रयागराज पहुंचा यह एक्टर

एक्टर जॉन अब्राहम की मूवी ‘द डिप्लोमैट’ पिछले कई दिनों से सुर्खियां बटोर रही है। आज शुक्रवार (14 फरवरी) को इसका ट्रेलर सामने आ गया। फिल्म में जॉन के साथ सादिया खतीब, शारिब हाशमी, रेवती और कुमुद मिश्रा की भी अहम भूमिकाएं हैं। दिवंगत भाजपा नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बर्थ एनिवर्सरी पर रिलीज किया गया यह ट्रेलर साल 2017 में उनके द्वारा भारत की बेटी को वापस लाने में भारतीय राजनयिक जे.पी. सिंह का समर्थन करने के लिए किए गए महत्वपूर्ण प्रयासों को ट्रिब्यूट देता है।

फिल्म इस पर प्रकाश डालती है कि युद्ध के बजाय चतुराई और बातचीत अंतिम हथियार हैं। जॉन राजनयिक जे.पी. सिंह की भूमिका में हैं, जो एक बड़े मिशन पर निकलते हैं। जॉन ने फिल्म के बारे में कहा कि कूटनीति एक युद्ध का मैदान है जहां शब्दों का वजन हथियारों से ज्यादा होता है। जे.पी. सिंह की भूमिका निभाने से मुझे एक ऐसी दुनिया का पता लगाने का मौका मिला जहां शक्ति को बुद्धि, लचीलापन और शांत वीरता से परिभाषित किया जाता है। उज्मा की कहानी भारत की ताकत और साहस का प्रमाण है और मुझे इस प्रेरक यात्रा को स्क्रीन पर जीवंत करने पर गर्व है।

फिल्म के डायरेक्टर शिवम नायर ने कहा कि डिप्लोमैट उन गुमनाम नायकों को श्रद्धांजलि है जो अपने देश की रक्षा के लिए रणनीति और धैर्य का इस्तेमाल करते हैं। जे.पी. सिंह की कहानी के माध्यम से हमने कूटनीति की कला को दर्शाया है। फिल्म 7 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार व कृष्ण कुमार (टी-सीरीज), जॉन अब्राहम (जेए एंटरटेनमेंट), विपुल डी. शाह, अश्विन वर्दे, राजेश बहल (वाकाओ फिल्म्स) और समीर दीक्षित, जतीश वर्मा, राकेश डांग (फॉर्च्यून पिक्चर्स/सीता फिल्म्स) ने किया है। उल्लेखनीय है कि जॉन की पिछली फिल्म ‘वेदा’ थी। जॉन का काम सराहनीय होने के बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर खास व्यवसाय नहीं किया था।
विवेक ओबेरॉय ने परिवार के साथ महाकुंभ में लगाई आस्था की डुबकी

एक्टर विवेक ओबेरॉय अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ प्रयागराज में जारी महाकुंभ के लिए पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाई। सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल हो रही हैं। विवेक ने परिवार सहित महाकुंभ के पवित्र संगम में स्नान किया और गंगा आरती में भाग लिया। इस दौरान वे परमार्थ निकेतन शिविर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। विवेक के साथ पत्नी प्रियंका ओबरॉय, माता यशोधरा ओबेरॉय, बेटा विवान, बेटी अमाया के अलावा परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।

वेदमंत्र, पुष्प वर्षा और शंखध्वनि के बीच ओबेरॉय परिवार को आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हुआ। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद और साध्वी भगवती सरस्वती ने ओबेरॉय परिवार का अभिनंदन किया। विवेक ने कहा कि महाकुंभ में आकर आत्मिक शांति का अनुभव हो रहा है। यह स्थान सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर है और यहां की आध्यात्मिकता जीवन को एक नई दिशा देती है। पूरा वातावरण आध्यात्मिक उन्नति और शांति से ओतप्रोत है।

यह बहुत गर्व की बात है कि आज दुनिया का सबसे बड़ा त्योहार हमारे देश में इतनी खूबसूरत तरीके से मनाया जा रहा है। ओबेरॉय परिवार ने इस मौके पर हवन और अरैल घाट पर आयोजित गंगा आरती में भी भाग लिया। विवेक अब जल्द ही फिल्म ‘केसरी वीर’ में नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर 13 फरवरी को रिलीज किया गया और इसमें विवेक खतरनाक विलेन की भूमिका में दिखे।