2 News : ‘ज्वेल थीफ’ का टीजर रिलीज, लॉन्च इवेंट में दिखे सैफ, ‘सिकंदर’ में हुई इस एक्ट्रेस की एंट्री

लोकप्रिय ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने आज सोमवार (3 फरवरी) को एक इवेंट में अपनी आगामी सीरीज और फिल्मों का टीजर रिलीज किया। इनमें ‘ज्वेल थीफ - द हीस्ट बिगिन्स’ फिल्म का टीजर भी शामिल है, जिसमें सैफ अली खान और जयदीप अहलावत नजर आए। इसके साथ ही फिल्ममेकर सिद्धार्थ आनंद अपना ओटीटी डेब्यू भी करने जा रहे हैं। टीजर में दुनिया के सबसे अनोखे हीरे ‘द रेड सन’ को चुराने की कहानी दिखाई गई है। इसे चुराने के लिए सैफ और जयदीप के कैरेक्टर के बीच घमासान होता है।

दोनों प्लानिंग करके इस हीरे को चुराना चाहते हैं। टीजर से अंदाजा लग रहा है कि फिल्म में हैरतअंगेज एक्शन, हैरान करने वाले ट्विस्ट और रोंगटे खड़े कर देने वाला थ्रिल होगा। इसकी रिलीज डेट अनाउंसमेंट नहीं की गई है। हालांकि यह अगले कुछ महीनों में आपके लिए उपलब्ध हो सकती है। इस फिल्म को ‘पठान’ और ‘वॉर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में कुणाल कपूर भी दिखने वाले हैं। टीजर में उनकी भी झलक दिखी। उल्लेखनीय है कि सैफ अली खान पर हाल ही में उनके घर में हमला हुआ था।

हमले के बाद अब सैफ पहली बार किसी पब्लिक इवेंट में नजर आए। इस दौरान उन्होंने खूब लाइमलाइट चुराई। हालांकि सैफ की गर्दन और हाथ में प्लास्टर अभी भी लगा है। सैफ के घाव पर पट्टी लगी हुई है। सोशल मीडिया पर सैफ के कई वीडियो सामने आए हैं। गौरतलब है कि 16 जनवरी की रात को सैफ के घर में एक अज्ञात शख्स चोरी के इरादे से घुसा था। जब सैफ ने चोर को पकड़ना चाहा तो बदमाश ने सैफ पर ही हमला कर दिया और वे घायल हो गए। इसके बाद सैफ को अस्पताल ले जाया गया और उनका इलाज हुआ।
‘सिकंदर’ में दिखेंगी वरुण धवन की भतीजी अंजिनी, हैं बचपन से सलमान की फैन

सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म ‘सिकंदर’ को लेकर लोगों में काफी क्रेज है। मूवी ईद पर सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इसमें सलमान के साथ रश्मिका मंदाना, शरमन जोशी और काजल अग्रवाल हैं। अब इस टीम में एक और नए शख्स की एंट्री हो गई है और उसका नाम है वरुण धवन की भतीजी अंजिनी धवन। अंजिनी ने पिछले साल फिल्म ‘बिन्नी एंड फैमिली’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। हालांकि फिल्म नहीं चली।

अंजिनी ने हिंदुस्तान टाइम्स डिजिटल से बातचीत में कहा कि अब जब टीजर आ चुका है, तो मैं इस बारे में फाइनली बात कर सकती हूं। मैं इससे ज्यादा आभारी और थैंकफुल नहीं हो सकती। हर बार जब मैं फिल्म के सेट पर जाती हूं, तो मैं खुद को पिंच करके खुद से पूछती हूं कि क्या ये रियल लाइफ है या मैं सपना देख रही हूं। बचपन से ही मैं सलमान की फैन रही हूं। मुझे उनकी फिल्म, खासकर डेविड अंकल के साथ उन्होंने जो की है, ‘पार्टनर’, ‘मुझसे शादी करोगी’ काफी पसंद है।

जब भी मेरा दिन खराब होता है, तब मैं ‘पार्टनर’ देख लेती हूं और मैं ठीक हो जाती हूं। उनके साथ काम करना एक सपने के पूरे होने जैसा है। 'सिकंदर' के निर्देशन की कमान 'गजनी' का निर्देशन कर चुके एआर मुरुगादॉस ने संभाली है। साजिद नाडियाडवाला फिल्म के निर्माता हैं।