मुंबई। अभिनेत्री जैस्मीन भसीन हाल ही में अपने बॉयफ्रेंड अली गोनी के साथ जन्मदिन मनाने दुबई पहुंची थीं, लेकिन यह खुशियों भरा सफर अचानक चिंता में बदल गया। ट्रिप के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जांच में पता चला कि वह 'टर्मिनल इलियटिस' (आंतों के अंतिम हिस्से में गंभीर सूजन) से पीड़ित हैं। अब अभिनेत्री ने अपनी सेहत को लेकर नया अपडेट साझा करते हुए बताया है कि उनकी स्थिति में सुधार जरूर है, लेकिन वह अभी पूरी तरह खतरे से बाहर नहीं हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आगे का इलाज भारत में कराने के लिए वह वापस लौट आई हैं।
भारत लौटकर जारी रखेंगी इलाजसोमवार (29 जून) को जैस्मीन भसीन ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपने प्रशंसकों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से लगातार मिल रहे प्यार, दुआओं और चिंता के लिए वह सभी की आभारी हैं। जैस्मीन ने बताया कि वह चाहती थीं कि फैंस को उनकी वास्तविक स्थिति की जानकारी मिले, इसलिए उन्होंने खुद सामने आकर अपडेट साझा किया।
अस्पताल से रिकॉर्ड किए गए वीडियो में उन्होंने बताया कि दुबई के डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल वहीं भर्ती रहने की सलाह दी थी। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत ऐसी नहीं थी कि वह हवाई यात्रा कर सकें। इसके बावजूद उन्होंने भारत लौटने का निर्णय लिया ताकि अपने देश में रहकर आगे का इलाज करा सकें।
'फिट टू फ्लाई' नहीं थी, फिर भी लौटने का लिया फैसलावीडियो में जैस्मीन ने कहा, आपमें से बहुत से लोग मेरी सेहत को लेकर परेशान थे और लगातार अपडेट जानना चाहते थे। डॉक्टरों ने मुझे मेडिकल क्लीयरेंस नहीं दिया था। अस्पताल के मुताबिक मैं अभी 'फिट टू फ्लाई' नहीं थी क्योंकि मैं पूरी तरह खतरे से बाहर नहीं हूं।
उन्होंने आगे बताया कि दुबई के अस्पताल में डॉक्टरों और पूरे मेडिकल स्टाफ ने उनका बेहद अच्छे तरीके से इलाज किया। उन्होंने कहा कि वहां की स्वास्थ्य सेवाएं काफी बेहतर थीं और वह पूरी टीम की दिल से आभारी हैं। हालांकि, उन्होंने महसूस किया कि अपने घर और परिवार के बीच रहकर इलाज कराना उनके लिए अधिक सहज रहेगा।
इंजेक्शन देकर किया गया स्थिर, अब भारत में होगा इलाजजैस्मीन ने बताया कि डॉक्टरों ने विशेष दवाओं और इंजेक्शन की मदद से उनकी हालत को स्थिर किया, जिसके बाद उन्हें यात्रा करने की अनुमति मिल सकी। उन्होंने कहा, फिलहाल मैं एयरपोर्ट पर हूं। भारत पहुंचने के बाद सीधे दूसरे अस्पताल में भर्ती हो जाऊंगी, जहां मेरा इलाज आगे जारी रहेगा।
इससे पहले भी अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया था कि अली गोनी के साथ जन्मदिन मनाने दुबई पहुंचने के अगले ही दिन उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। गंभीर संक्रमण और आंतों में सूजन के चलते उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। परिस्थितियां ऐसी बन गईं कि इस बार उनका जन्मदिन अस्पताल के कमरे में ही मनाना पड़ा, जहां अली गोनी उनके साथ मौजूद रहे।
'टर्मिनल इलियटिस' से जूझ रही हैं अभिनेत्रीअपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में जैस्मीन ने लिखा, दुबई पहुंचने के अगले ही दिन मैं गंभीर रूप से बीमार हो गई। जांच में पता चला कि मुझे 'टर्मिनल इलियटिस' के साथ बेहद जोखिम भरा संक्रमण और सूजन है। फिलहाल इलाज चल रहा है और उम्मीद है कि मैं जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर वापस लौटूंगी।
अस्पताल के बिस्तर से साझा किए गए वीडियो में उन्होंने अपने प्रशंसकों से माफी भी मांगी कि वह उनके संदेशों और शुभकामनाओं का जवाब नहीं दे सकीं। उन्होंने कहा कि अली गोनी ने पहले ही सोशल मीडिया पर जन्मदिन की तस्वीरें और अस्पताल से जुड़ी जानकारी साझा कर दी थी, क्योंकि इस बार उनका सेलिब्रेशन वैसा नहीं हो सका जैसा दोनों ने सोचा था।
फैंस का जताया आभारजैस्मीन ने कहा, जिंदगी में कब क्या हो जाए, कोई नहीं जानता। हालांकि अब मैं पहले से बेहतर महसूस कर रही हूं और उम्मीद है कि जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर आप सभी के बीच लौटूंगी। मेरे जन्मदिन पर आपने जो प्यार दिया और मेरे जल्द ठीक होने की दुआ की, उसके लिए मैं दिल से आप सभी की शुक्रगुजार हूं।
गौरतलब है कि जैस्मीन भसीन हाल ही में निर्देशक रोहित शेट्टी के रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' की शूटिंग पूरी कर दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन से लौटी थीं। इसके कुछ ही समय बाद वह अली गोनी के साथ जन्मदिन मनाने दुबई गई थीं, जहां उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने से पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो गया।