हाल ही प्रदर्शित हुई दिनेश विजान की फिल्म परम सुन्दरी ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन शुरूआत की है। इस फिल्म को लेकर सुंदरी के रूप में नजर आई जान्हवी कपूर काफी चर्चाओं में हैं। परम सुन्दरी में जान्हवी कपूर की अदाकारी को दर्शकों ने काफी सराहा है। इसके अलावा, उन्होंने वरुण धवन के साथ ‘सनी संस्कारी की तुलसीकुमारी’ के टीज़र से भी सिने जगत के साथ-साथ दर्शकों के दिलों में हलचल मचा दी। अब जान्हवी कपूर एक और फिल्म को लेकर चर्चाओं में हैं।
बॉलीवुड हंगामा के अनुसार, जान्हवी कपूर अपनी माँ श्रीदेवी के आइकॉनिक किरदार में कदम रखने वाली हैं। समाचारों के अनुसार फिल्म जगत के एक प्रमुख निर्माता ने श्रीदेवी की कल्ट क्लासिक का दर्जा प्राप्त कर चुकी निर्देशक पंकज पाराशर की फिल्म चालबाज के आधिकारिक रीमेक की पेशकश जान्हवी को की है। बताया जा रहा है कि जान्हवी के लिए ‘चालबाज़’ सिर्फ़ एक फिल्म नहीं है, बल्कि यह एक भावना है। उन्होंने 'चालबाज़' में मुख्य भूमिका निभाने का मौका तो झटपट ले लिया है, लेकिन इस पर पूरी सावधानी बरत रही हैं।
समाचारों में कहा जा रहा है कि जान्हवी इस फिल्म में केवल अपनी माँ की विरासत का लाभ उठाना नहीं चाहती हैं। वह अपने आसपास के लोगों की राय ले रही हैं और रीमेक को लेकर पूरी तरह सोच-समझ कर कदम बढ़ा रही हैं। जान्हवी के इस प्रोजेक्ट पर अंतिम निर्णय सितंबर के अंत तक लेने की उम्मीद है।
फिलहाल इस रीमेक के निर्माता और निर्देशक की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, फिल्म प्रेमियों और जान्हवी के फैंस के लिए यह एक बेहद उत्साहजनक खबर है कि वे जल्द ही ‘चालबाज़’ के रोमांचक और यादगार किरदार में अपनी माँ की तरह अभिनय करती दिखाई देंगी।