एक्टर जयदीप अहलावत को काफी मेहनती और प्रतिभाशाली अभिनेता माना जाता है। कोई फिल्मी बैकग्राउंड नहीं होने के बावजूद वे अपने बलबूते एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक खास मुकाम हासिल कर चुके हैं। उन्हें फिल्ममेकर्स चुनौतीपूर्ण और अलग किरदार के लिए चुनना पसंद करते हैं। जयदीप में एक और हुनर है जिसे अभी तक उनके प्रोजेक्ट्स में ज्यादा इस्तेमाल नहीं किया गया है। वे एक बेहतरीन डांसर भी हैं। हाल ही में जयदीप स्टेज पर ऐसे थिरके कि हर कोई देखता रह गया। स्टेज पर जयदीप के साथ दिग्गज डांसर मलाइका अरोड़ा भी झूम रही थीं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
इसमें जयदीप ने कमाल का डांस दिखाया है। मौका था मेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव (IFFM) का, जिसमें जयदीप ने अचानक भांगड़ा करके सभी लोगों का दिल जीत लिया। हर कोई उनकी एनर्जी का कायल हो गया। IFFM ने शनिवार (16 अगस्त) को रेमिटली IFFM डांस कॉम्पिटिशन का एक वीडियो शेयर किया जिसमें जयदीप, मलाइका और कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा स्टेज पर भांगड़ा के मूव्स सीखते नजर आ रहे हैं। इस क्लिप में मुकेश और मलाइका एक डांसर के साथ स्टेप्स कर रहे हैं। इसी दौरान जयदीप बीच में कूद पड़े और अपनी ऊर्जा और बेबाक मूव्स से सबका ध्यान अपनी ओर खींच लेते हैं।
मलाइका भी उनके प्रभावित हुए बिना नहीं रह पाईं। वह जयदीप का उत्साहवर्धन करती और तालियां बजाती नजर आईं, जबकि अंत में भीड़ वंस मोर के नारे लगा रही थी। फैंस इस डांस को देख जयदीप की जमकर तारीफ करते हुए जमकर कमेंट्स कर रहे हैं। बता दें जयदीप को IIFM में ‘पाताल लोक सीजन 2’ में ‘इंस्पेक्टर हाथीराम चौधरी’ की भूमिका के लिए वेब सीरीज कैटेगरी के बेस्ट एक्टर का अवार्ड दिया गया। जयदीप को आने वाले दिनों में कई शानदार प्रोजेक्ट में देखा जा सकेगा। वे शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ और मनोज वाजपेयी की वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन सीजन 3’ में अहम रोल में नजर आएंगे।
नेहा कक्कड़ और धनश्री वर्मा की ‘बदमाश’ गाने पर दिखी शानदार जुगलबंदीमशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ और उनके भाई टोनी कक्कड़ का गाना ‘बदमाश’ इस समय सोशल मीडिया पर काफी ट्रेंड में है। इस पर हर कोई रील क्रिएट करता दिख रहा है। इस बीच भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल की एक्स वाइफ कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा भी इस गाने पर थिरकती नजर आईं और उनके साथ थीं नेहा। दोनों ने ट्यूनिंग करते हुए इस गाने पर रील बनाई और इंटरनेट का पारा बढ़ा दिया। दोनों ने इंस्टाग्राम पर यह वीडियो पोस्ट किया है। इसमें दोनों ‘सैयां बड़ा बदमाश’ है पर डांस करती हुई नजर आ रही हैं।
नेहा ने जहां ग्रीन कलर का ट्यूब टॉप और व्हाइट कलर की मिनी स्कर्ट पहनी हैं, तो धनश्री ने इसके अपोजिट व्हाइट टॉप और ग्रीन स्कर्ट कैरी की है। दोनों के डांस मूव्स कमाल हैं। ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और इसे साढ़े 4 लाख से ज्यादा लोग इसे लाइक कर चुके हैं। बता दें इस साल की शुरुआत में चहल से तलाक के बाद धनश्री मूव ऑन कर चुकी हैं और वह फिर से अपने करिअर पर फोकस कर रही हैं।
हाल ही उन्होंने दुबई से कुछ तस्वीरें शेयर की थीं, जिनमें वह ग्लैमरस लुक में थीं। वह म्यूजिक वीडियो पर काम कर रही हैं। दूसरी ओर, नेहा अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। हाल ही नेहा ने अपनी बहन सिंगर सोनू कक्कड़ के साथ फोटो शेयर की थीं। इन्हें देख फैंस खुश हो गए और समझ गए कि दोनों का पैचअप हो गया है।