टीम इंडिया ने रविवार (9 मार्च) रात दुबई में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी (वनडे टूर्नामेंट) के फाइनल में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। आम हो या खास हर कोई भारत की इस जीत के जश्न में डूबा हुआ है। इस बीच एक्ट्रेस अवनीत कौर (23) ने भी खुशी में अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह घर में बड़ी स्क्रीन पर मैच का मजा ले रही हैं। जैसे ही रवींद्र जडेजा ने विजयी शॉट लगाया, अवनीत खुशी के मारे झूम उठीं।
एक्ट्रेस की क्रिकेट के प्रति दीवानगी देख एक बार फिर से फैंस अवनीत और भारतीय क्रिकेटर शुभमन गिल का नाम जोड़ रहे हैं। दरअसल अवनीत भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल का मजा लेने के लिए दुबई गई थीं। तब उन्होंने कुछ तस्वीरें शेयर की थीं। अवनीत ने ब्लू क्रॉप टॉप और बेज जींस में स्टाइलिश लुक कैरी किया था। ब्लैक शेड्स और मेसी बन के साथ अवनीत स्टेडियम में पोज देती नजर आईं। तब कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि वो शुभमन को इंप्रेस करने के लिए वहां गई थीं।
पिछले दिनों अवनीत और राघव शर्मा के रिलेशनशिप को लेकर भी खबरें आई थीं। अवनीत को ‘चंद्र नंदिनी’ में 'चारुमति' और ‘अलादीन-नाम तो सुना होगा’ में 'राजकुमारी यास्मीन' के किरदार के लिए जाना जाता है। अवनीत ने जब अभिनय के क्षेत्र में अपना काम शुरू किया था, तब उनकी उम्र 8 साल थी। दूसरी ओर, शुभमन का नाम बार-बार किसी न किसी से जोड़ा जाता है। शुरुआत में शुभमन और सारा तेंदुलकर के चर्चे चल रहे थे। फिर शुभमन और सारा अली खान को लेकर अफवाहें शुरू हो गई।
इसके बाद एक्ट्रेस रिद्धिमा पंडित के साथ भी शुभमन को डेट करने की खबरें उड़ती रहीं। बहरहाल शुभमन और अवनीत ने अपने रिलेशनशिप को लेकर अभी तक कोई स्टेटमेंट नहीं दिया है। हालांकि फैंस एक बार फिर चाहते हैं कि क्रिकेट और मनोरंजन जगत के सितारों की जोड़ी बने। वे उनकी सोशल मीडिया पर उनकी हर हरकत पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और उनके एक साथ दिखने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि कहीं उनके बीच कोई रोमांटिक कनेक्शन तो नहीं है।
युजवेंद्र चहल ने आरजे माहवाश के साथ लिया फाइनल का मजाटीम इंडिया से बाहर चल रहे लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में टीम इंडिया को चीयर्स करते नजर आए। फाइनल के दौरान चहल के बगल में एक लड़की बैठी थीं। वह पूरे मैच में चहल के साथ अठखेलियां करती दिखाई दीं। अब लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि वे दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। इसे लेकर कई सारे मीम भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। दरअसल चहल, आरजे माहवाश के साथ फाइनल लुत्फ उठा रहे थे।
माहवाश एक इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर हैं। इसके साथ वो रेडियो जॉकी भी हैं। दोनों इससे पहले भी एक साथ देखे गए हैं, तब भी लोगों ने कयास लगाए थे कि वे डेट कर रहे हैं। हालांकि माहवाश ने एक पोस्ट के जरिए कहा था कि उन दोनों के बीच ऐसा कुछ नहीं है। उल्लेखनीय है कि चहल का हाल ही में धनश्री वर्मा से तलाक हो चुका है।
दोनों के बीच लंबे समय से दूरियां चल रही थीं और इस दौरान दोनों ने एक दूसरे को सोशल मीडिया पर भी अनफॉलो कर दिया था। अब तलाक के बाद चहल का माहवाश के साथ दिखना एक बार और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग उन्हें ट्रॉल कर रहे हैं तो कुछ उन्हें भविष्य के लिए बधाई दे रहे हैं। मैच में चहल और माहवाश के साथ एक्टर विवेक ओबेरॉय भी थे।