एक्ट्रेस इलियाना डिक्रूज सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती हैं। वह खुद से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स भी फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं। इस बीच इलियाना ने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की, जिसके बाद उनकी दूसरी प्रेग्नेंसी की चर्चा और भी तेज हो गई। फैंस इलियाना की इस पोस्ट से प्रेग्नेंसी कंफर्म मान रहे हैं। हालांकि एक्ट्रेस ने अभी ऑफिशियल कुछ भी अनाउंस नहीं किया है। आज शनिवार (15 फरवरी) को इलियाना ने अपनी स्टोरी पर कुरकुरे और एक टम्स का पैकेट शेयर किया।
इस तस्वीर के साथ इलियाना ने कैप्शन लिखा, “मुझे बताएं आप प्रेग्नेंट हैं, बिना ये कहे कि आप प्रेग्नेंट हैं।” गौरतलब है कि ऐसा पहली बार नहीं है जब इलियाना ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर हिंट दिया है। नए साल के मौके पर इलियाना ने एक वीडियो शेयर किया था। इसमें एक्ट्रेस ने साल 2024 के खास पलों को शेयर किया था। इसमें उनके बेटे कोआ फीनिक्स डोलन और पति माइकल डोलन के साथ बिताए कुछ खूबसूरत पलों की झलक दिखाई थी।
क्लिप में इलियाना एक जगह पर भावुक नजर आती हैं, साथ ही उनके हाथ में प्रेग्नेंसी टेस्ट किट थी। इस वीडियो के बाद से ही चर्चा हो रही थी कि इलियाना फिर से प्रेग्नेंट हैं। इलियाना ने साल 2023 में माइकल से शादी रचाई थी। इलियाना ने 1 अगस्त 2023 को अपने बेटे का स्वागत करते हुए उसकी पहली तस्वीर शेयर की थी। इलियाना के काम की बात करें तो पिछले साल उनकी फिल्म ‘दो और दो प्यार’ रिलीज हुई थी। इस फिल्म में विद्या बालन भी थीं।
जयपुर में मार्च में आयोजित होगा IIFA का सिल्वर जुबली समारोह, माधुरी-कृति ने कहा…राजस्थान की राजधानी जयपुर में 8 और 9 मार्च को इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी अवार्ड्स (IIFA) के 25वें संस्करण का आयोजन होगा। इस भव्य आयोजन में भारतीय सिनेमा के कई बड़े सितारे शिरकत करेंगे और प्रस्तुतियां देंगे। इस सिल्वर जुबली समारोह में माधुरी दीक्षित, कृति सेनन, आर. माधवन, यो यो हनी सिंह, अर्जुन कपूर, बोनी कपूर, बोमन ईरानी, रजत कपूर, मधुर भंडारकर, प्रिया मणि, रवि किशन, भूषण कुमार, गजराज राव, गुनीत मोंगा, किरण राव, शिल्पा राव, दीया मिर्जा, ईशा गुप्ता, कनिका ढिल्लों, राघव जुयाल, जायद खान, फरदीन खान, रणवीर शौरी समेत कई अन्य कलाकार शिरकत करेंगे।
माधुरी ने कहा कि आईफा हमेशा मेरे करिअर का एक खास हिस्सा रहा है। यह भारतीय सिनेमा के जादू को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का बेहतरीन अवसर है। जयपुर जैसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों से भरी जगह पर प्रस्तुति देना मेरे लिए गर्व की बात है। उल्लेखनीय है कि माधुरी पिछले साल ‘भूल भुलैया 3’ मूवी में नजर आई थीं। कृति ने भी कहा कि आईफा की एनर्जी और भव्यता वाकई में बेजोड़ है।
मैं इस मंच पर अपने कुछ बेहतरीन लम्हे बिता चुकी हूं और इस साल आईफा की सिल्वर जुबली को सेलिब्रेट करने का मौका मिल रहा है, यह मेरे लिए खास है। मैं जयपुर के दर्शकों के साथ इस जादुई पल को साझा करने के लिए उत्साहित हूं। कृति इन दिनों कथित बॉयफ्रेंड कबीर बहिया को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। हालांकि दोनों ने ही अभी तक रिलेशनशिप कंफर्म नहीं की है।