तमिल सुपरस्टार धनुष की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'इडली कढ़ाई' ने अपने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर जोरदार दस्तक दी है। राम नवमी के खास मौके पर रिलीज हुई इस फिल्म ने दर्शकों को अपनी तरफ खींचने में जरा भी वक्त नहीं लगाया और सिनेमाघरों में अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। खास बात ये रही कि ये फिल्म एक ऐसे समय पर रिलीज हुई जब पहले से ही दो बड़ी फिल्में – पवन कल्याण की 'ओजी' और अक्षय कुमार-अरशद वारसी की 'जॉली LLB 3' थिएटरों में चल रही थीं, बावजूद इसके 'इडली कढ़ाई' ने दोनों फिल्मों को कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है।
धनुष के निर्देशन में बनी यह फिल्म आज 1 अक्टूबर को रिलीज हुई और शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में पहले ही दिन 10.50 करोड़ रुपये का दमदार कारोबार कर लिया है। यह कमाई रात 11 बजे तक के आंकड़ों पर आधारित है और अनुमान है कि यह संख्या आधिकारिक रिपोर्ट्स आने तक और भी बढ़ सकती है।
जहां एक तरफ 'ओजी' ने अपने रिलीज के सातवें दिन तक केवल 7 करोड़ रुपये की कमाई की है, वहीं 'जॉली एलएलबी 3' ने 13 दिनों में 3.85 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि 'इडली कढ़ाई' ने बॉक्स ऑफिस की सारी मलाई अकेले ही खा ली है और एक मजबूत ओपनिंग के साथ भविष्य के लिए भी बड़े कलेक्शन की उम्मीद जगा दी है।
फिल्म की बात करें तो इसमें धनुष के साथ नित्या मेनन लीड रोल में नजर आई हैं। इसके अलावा अरुण विजय, सत्यराज, शालिनी पांडे और राजकिरण जैसे अनुभवी कलाकार फिल्म में प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई दिए हैं। फिल्म को वंडरबार फिल्म्स और डॉन पिक्चर्स के बैनर तले बनाया गया है। दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों से फिल्म को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, जिससे वीकेंड पर कलेक्शन में और इज़ाफे की उम्मीद है।
हालांकि, फिल्म के बजट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन इसके डिजिटल राइट्स पहले ही चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को थिएटर्स के बाद नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा। बताया जा रहा है कि नेटफ्लिक्स ने 'इडली कढ़ाई' के डिजिटल अधिकार 45 करोड़ रुपये में खरीदे हैं, जो इस फिल्म की बढ़ती लोकप्रियता का स्पष्ट संकेत है।
धनुष की बतौर निर्देशक यह पेशकश दर्शकों को कितनी पसंद आती है, इसका अंदाजा आने वाले दिनों में लगेगा, लेकिन फिलहाल के लिए इतना तय है कि 'इडली कढ़ाई' ने पहले ही दिन से बॉक्स ऑफिस पर कब्जा जमा लिया है।