अभिनेता ऋतिक रोशन (51) 25 साल से लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं। लोग उनकी एक्टिंग और फिटनेस पर फिदा हैं। ऋतिक ने साल 2000 में ‘कहो ना प्यार है’ फिल्म के साथ करिअर शुरू किया था। इस फिल्म से वे रातों-रात बड़े स्टार बन गए। इसके बाद से अब तक ऋतिक कई सफल फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। अन्य सितारों की जैसे ऋतिक की निजी जिंदगी को लेकर भी फैंस में काफी क्रेज रहता है। सुजैन खान से तलाक के बाद ऋतिक पिछले 3 साल से एक्ट्रेस सबा आजाद को डेट कर रहे हैं। सबकी नजर उनके रिश्ते पर है।
हालांकि कभी शादी तो कभी उम्र के फासले को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स उन्हें ट्रॉल करते हैं। सबा एक्टर से 12 साल छोटी हैं। इस बीच अब सबा ने ऋतिक संग शादी को लेकर बात की है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक हाल ही में एक इंटरव्यू में सबा ने ऋतिक संग शादी के प्लान पर अपने विचार व्यक्त किए। जब सबा से उनकी शादी की योजना को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब दिया कि उन्होंने परिवार की ओर से कभी भी प्रेशर महसूस नहीं किया। सबा ने कहा कि जब मैं 6 साल की थी, तो मेरे घरवालों ने मुझे बिठाया और कहा कि बेटा, अगर तुम नहीं चाहती तो तुम्हें शादी करने की जरूरत नहीं है।
हमें तुमसे कोई उम्मीद नहीं है। इसलिए मैंने कभी भी अपने परिवार से अपनी लाइफ कैसे जीऊं, इसके बारे में कोई प्रेशर महसूस नहीं किया। मैं एक ऐसे परिवार में बड़ी हुईं, जहां शादी कभी 'सब कुछ' नहीं थी। सबा को पिछले दिनों ओटीटी पर रिलीज हुई फिल्म ‘सॉन्ग्स ऑफ पैराडाइज’ में देखा गया था। इस फिल्म में उनके साथ सोनी राजदान भी प्रमुख भूमिका में नजर आई थीं। सबा फिल्ममेकर अनुराग कश्यप की टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाने वाली फिल्म ‘बंदर’ का भी हिस्सा हैं।
साल 2022 में शुरू हुई थी ऋतिक रोशन और सबा आजाद की लव स्टोरीउल्लेखनीय है कि सबा और ऋतिक की लव स्टोरी की बात करें तो इसकी शुरुआत साल 2022 में सोशल मीडिया एक्स (ट्विटर) से हुई थी। इसके बाद दोनों ने एक दूसरे को डेट करना शुरू किया और फिर उसी साल के अंत में दोनों ने फिल्ममेकर करण जौहर की बर्थडे पार्टी में मीडिया के सामने आकर रिलेशनशिप कंफर्म किया था। तब से दोनों साथ हैं और सबा की ऋतिक के परिवार से भी मजबूत बोंडिंग है। वह अक्सर त्योहार या किसी भी खुशी के मौके पर रोशन परिवार के साथ दिखती हैं।
दोनों फैंस के लिए पोस्ट भी शेयर करते रहते हैं, जिनमें उनका प्यार झलकता है। बता दें ऋतिक की शादी साल 2000 में एक्टर संजय खान की बेटी सुजैन के साथ हुई थी। उनका साल 2014 में तलाक हो गया था। उनके दो बेटे ऋदान और ऋहान हैं, जिनकी वे मिलकर परवरिश कर रहे हैं। सुजैन को भी ऋतिक से अलग होने के बाद अर्सलान गोनी के रूप में नया प्यार मिल गया। दोनों एक-दूसरे से जमकर प्यार करते हैं। ऋतिक के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी पिछली फिल्म ‘वॉर 2’ थी, जो कुछ समय पहले रिलीज हुई थी। इसमें उनके साथ कियारा आडवाणी और जूनियर एनटीआर थे।