ऋतिक ने शेयर की फनी सेल्फी तो चौंक गए सेलेब्स, ‘ब्रह्मास्त्र’ की BTS फोटो शेयर कर घिरे अयान मुखर्जी

एक्टर ऋतिक रोशन फैंस के साथ सोशल मीडिया पर इंटरेक्ट करते रहते हैं। ऋतिक ने शुक्रवार दोपहर अपने इंस्टाग्राम से एक सेल्फी शेयर की है। उनकी इस फनी सेल्फी को देखकर फैंस तो सरप्राइज हुए ही साथ ही साथ कई सेलेब्स भी हंसी नहीं रोक पाए। ऋतिक अपनी आंखों को अजीब ढंग से किए हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कान पर फोन लगा रखा है और टोपी पहन रखी है। ऋतिक ने इस अजीब एक्सप्रेशन वाली फोटो के साथ कैप्शन और भी मजेदार लगाया है। कैप्शन में लिखा है, “ये कॉल व्हाट्सएप मैसेज हो सकता था।”

ऋतिक की इस पोस्ट पर एक्टर आयुष्मान खुराना, प्रियंका चोपड़ा, अभिषेक बच्चन, ताहिरा कश्यप, फरहान अख्तर और वरुण धवन ने कमेंट्स किए हैं। इन सभी ने हंसने वाली इमोजी शेयर की है। अर्जुन कपूर ने इसे लाइक किया है। कई फैंस को यह फोटो देख ऋतिक की वर्ष 2003 में आई फिल्म ‘कोई मिल गया’ के रोहित मेहरा की याद आ गई। ऋतिक की पिछली फिल्म ‘वार’ 2019 में रिलीज हुई थी। अब वे 2022 में ‘फाइटर’ फिल्म में दिखाई देंगे।


आलिया, रणबीर, अमिताभ की ब्रह्मास्त्र लंबे समय से नहीं हो रही रिलीज

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की आने वाली फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' का निर्देशन अयान मुखर्जी कर रहे हैं। अयान ने सोशल मीडिया पर इस फिल्म के बिहाइंड द सीन (बीटीएस) कुछ तस्वीरें शेयर की हैं जो तेजी से वायरल हो रही हैं। इन फोटो में आप आलिया, रणबीर और अमिताभ बच्चन को देख सकते हैं। इन्हें देख फैंस भड़क गए।

यूजर्स ने कुछ ऐसे कमेंट्स किए, ‘अब तो फिल्म को रिलीज कर दो। सिनेमाघर भी खुल चुके हैं।’ ‘भाई, कब रिलीज करोगे? अगली पंचवर्षीय योजना में?’ ‘आखिर फिल्म को रिलीज करके खत्म क्यों नहीं करते कहानी?’

‘सात साल से ऑडियंस को इसी तरह नॉनसेंस से पागल बनाया हुआ है।’ ‘फोटो पोस्ट करके सांत्वना दे रहे हो। रिलीज नहीं कर सकते तो बता दो।’ पहले कहा जा रहा था कि फिल्म इसी साल रिलीज होगी। फिल्म में अक्किनेनी नागार्जुन और मौनी रॉय भी हैं। फिल्म का एक हिस्सा इजरायल के तेल अवीव में फिल्माया गया है। फिल्म का संगीत प्रीतम ने तैयार किया है। साल 2018 से इस फिल्म का प्रोडक्शन हो रहा है।