2 News : साजिद की ‘हाउसफुल 5’ इस दिन होगी रिलीज, ये हैं सितारे, ‘थलापति 69’ में बॉबी के बाद इनकी एंट्री

दिग्गज फिल्ममेकर साजिद नाडियाडवाला की फिल्म ‘हाउसफुल 5’ को लेकर पिछले कई दिनों से खबरें चल रही हैं। इस मूवी को लेकर फैंस में भी जबरदस्त क्रेज है। वे जानते हैं कि फिल्म कितनी मनोरंजक होगी। इस बीच मेकर्स ने फिल्म की शूटिंग के बारे में अपडेट देते हुए इसकी रिलीज डेट से भी पर्दा उठा दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर आज गुरुवार (3 अक्टूबर) को एक पोस्ट शेयर की है।

मेकर्स ने लिखा, “हाउसफुल 5 की टीम आप सभी के पास आ रही है। हंसी, पागलपन और मनोरंजन से भरी सबसे बड़ी लहर के लिए तैयार हो जाइए। 6 जून 2025 को आपके नजदीकी सिनेमाघरों में आ रही है। हाउसफुल 5 की पूरी टीम लंदन, फ्रांस, स्पेन और अमेरिका में यात्रा करने वाली है।” इसके पोस्टर में कई स्टार दिख रहे हैं। फिल्म में अक्षय कुमार, चंकी पांडे, सौंदर्य शर्मा, अभिषेक बच्चन, श्रेयस तलपड़े, जैकलीन फर्नांडिस, रितेश देशमुख, फरदीन खान, जॉनी लीवर, निकेतन धीर, डीनो मोरिया, नरगिस फाखरी, चित्रांग्धा सिंह, सोनम बाजवा, रंजीत जैसे सितारे नजर आएंगे।

इसके डायरेक्टर तरुण मनसुखानी और प्रोड्यूसर साजिद हैं। साजिद ने ‘हाउसफुल’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2010 में की थी। साल 2012 में ‘हाउसफुल 2’, साल 2016 में ‘हाउसफुल 3’ और साल 2019 में ‘हाउसफुल 4’ रिलीज हुई थी। इन सभी मल्टीस्टारर फिल्मों ने धमाल मचाया और दर्शक इन्हें देख हंसते-हंसते लोटपोट हो गए। ये बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया कमाई करने में सफल रहीं। वैसे भी इतने सारे सितारे आजकल एकसाथ एक फिल्म में देखने को कम ही मिलते हैं।

थलापति विजय की फिल्म में एक्ट्रेस पूजा हेगड़े के नाम पर लगी मुहर

साउथ इंडियन स्टार थलापति विजय की पिछली फिल्म 'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' (GOAT) थी। इसमें वह डबल रोल में नजर आए। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाई जितनी उम्मीद लगाई जा रही थी। इस फिल्म का प्रीमियर 3 अक्टूबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर होने जा रहा है। अब विजय फिल्म 'थलापति 69' के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करते हुए नजर आएंगे।

यह उनके करिअर की लास्ट फिल्म है क्योंकि वे इसके बाद राजनीतिक पारी शुरू करने जा रहे हैं। अब फिल्म से जुड़ी ताजा खबर यह है कि इसमें अभिनेत्री पूजा हेगड़े भी नजर आएंगी। वह लीड एक्ट्रेस होंगी। निर्माताओं ने इसकी घोषणा करते हुए लिखा, “हम एक बार फिर से शानदार जोड़ी को बड़े पर्दे पर ला रहे हैं। आधिकारिक तौर पर पूजा हेगड़े का स्वागत है।”

पूजा ने दिल के इमोजी के साथ इस पर रिएक्शन देते हुए लिखा, “हां! एक बार फिर से थलापति विजय के साथ जादू बिखेरने की उम्मीद है।” इससे पहले 1 अक्टूबर को प्रोडक्शन हाउस ने बॉबी देओल के नाम की घोषणा की थी। बॉबी मुख्य खलनायक की भूमिका निभाएंगे।