मशहूर सिंगर-रैपर हनी सिंह का नया गाना Maniac इन दिनों इंटरनेट पर छाया हुआ है, लेकिन इसी के साथ यह कानूनी विवादों में भी फंसता नजर आ रहा है। बॉलीवुड एक्ट्रेस नीतू चंद्रा ने इस गाने के खिलाफ पटना हाई कोर्ट में याचिका दायर कर दी है। उन्होंने गाने में महिलाओं के चित्रण को आपत्तिजनक बताते हुए इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
अश्लीलता का आरोप, हाई कोर्ट करेगा सुनवाईनीतू चंद्रा ने अपनी जनहित याचिका (PIL) में दावा किया है कि हनी सिंह उर्फ हिर्देश सिंह द्वारा बनाए गए इस गाने में महिलाओं की छवि को बेहद आपत्तिजनक तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने गाने में डबल मीनिंग शब्दों और अश्लील भाषा के उपयोग पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ऐसे गाने बच्चों और महिलाओं पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं और समाज में अश्लीलता को बढ़ावा देते हैं। इस मामले में पटना हाई कोर्ट 7 मार्च को सुनवाई करेगा।
भोजपुरी गानों पर भी उठाया सवालनीतू चंद्रा ने केवल Honey Singh के गाने पर ही नहीं, बल्कि भोजपुरी गानों पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भोजपुरी गानों में महिलाओं के प्रति बेहद अभद्र शब्दों और भाषा का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इस पर कोई एक्शन नहीं लिया जाता। उन्होंने सरकार से ऐसे गानों पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
70 मिलियन से ज्यादा व्यूज, लेकिन विवाद बरकरारहनी सिंह के गाने Maniac में ईशा गुप्ता नजर आ रही हैं, और इस गाने को रिलीज हुए 11 दिन से ज्यादा हो चुके हैं। इसे यूट्यूब पर 70 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। खासतौर पर इसमें इस्तेमाल की गई भोजपुरी लाइन्स लोगों के बीच काफी वायरल हो रही हैं। हालांकि, नीतू चंद्रा के विरोध के बाद इस गाने का भविष्य अब कोर्ट के फैसले पर निर्भर करता है।