जब फ्लाइट में हिना खान के बगल में सो रहे थे शाहरुख खान, फोटो के लिए घंटों किया इंतजार; फिर हुआ कुछ ऐसा

टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ अपनी पहली मुलाकात का दिलचस्प किस्सा साझा किया है। हिना ने बताया कि जब वह इंडस्ट्री में नई थीं, तब एक फ्लाइट में उनकी मुलाकात शाहरुख से हुई थी। उस वक्त अभिनेत्री शाहरुख के साथ तस्वीर लेने के लिए काफी उत्साहित थीं, लेकिन अभिनेता फ्लाइट में सो रहे थे।

हिना खान और रॉकी जायसवाल हाल ही में रुबीना दिलैक और अभिनव शुक्ला के पॉडकास्ट ‘POV’ में पहुंचे थे। बातचीत के दौरान हिना ने अपने करियर के शुरुआती दौर को याद करते हुए शाहरुख खान से हुई उस मुलाकात का जिक्र किया।

फ्लाइट में बगल वाली सीट पर थे शाहरुख

हिना के मुताबिक, उस समय उन्हें इंडस्ट्री में आए करीब डेढ़ साल ही हुए थे और उनका शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ शुरू हुए भी लगभग इतना ही समय हुआ था। इसी दौरान एक फ्लाइट में उन्हें शाहरुख खान नजर आए।

अभिनेत्री ने बताया कि शाहरुख उनके पास बैठे थे और सो रहे थे। उन्हें देखकर हिना को अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ। वह अभिनेता के साथ फोटो लेना चाहती थीं, लेकिन शाहरुख के सोने की वजह से वह उनसे बात नहीं कर पा रही थीं।

कुछ समय बाद शाहरुख कॉफी पीने के लिए जागे। हिना ने उनसे अभिवादन किया और साथ में फोटो लेने की इच्छा जताई। शाहरुख ने उन्हें इंतजार करने के लिए कहा और फोटो खिंचवाने का भरोसा दिया, लेकिन कॉफी पीने के बाद वह दोबारा सो गए।
लैंडिंग के बाद शाहरुख ने पूरी की हिना की इच्छा

हिना ने बताया कि फ्लाइट के उतरने तक उन्हें लगा कि शायद अब फोटो नहीं मिल पाएगी। हालांकि, उतरने के बाद शाहरुख ने खुद उन्हें बुलाया और उनके साथ तस्वीर खिंचवाई। इसके बाद दोनों एक ही कोच में भी थे, जहां शाहरुख पीछे की सीट पर जाकर सो गए।

हिना के मुताबिक, उस समय शाहरुख एक फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त थे और कई दिनों से ठीक से सो नहीं पाए थे। यही वजह थी कि वह सफर के दौरान आराम कर रहे थे।

अभिनव शुक्ला ने भी बताया अपना अनुभव

इसी बातचीत में अभिनव शुक्ला ने भी शाहरुख खान के साथ अपनी पहली मुलाकात का अनुभव साझा किया। अभिनव ने बताया कि जब वह पंजाब से मुंबई आए थे और मॉडलिंग कर रहे थे, तब एक वॉच ब्रांड के रैंप शो के दौरान उनकी शाहरुख से मुलाकात हुई।

अभिनव के अनुसार, शाहरुख उस समय अपने मैनेजर से बात कर रहे थे। अभिनव उनके पास गए और हाथ मिलाने की कोशिश की। शाहरुख ने उन्हें देखा, अपनी जगह से उठे और उनसे हाथ मिलाया। अभिनव ने इस व्यवहार को अभिनेता के व्यक्तित्व की झलक बताया।

‘किंग’ में नजर आएंगे शाहरुख

वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान आगामी फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इसमें शाहरुख की बेटी सुहाना खान भी उनके साथ दिखाई देंगी। फिल्म में दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभय वर्मा, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ भी अहम भूमिकाओं में हैं।

‘किंग’ के 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की बात कही गई है।