Independence Day 2022: 'हर घर तिरंगा' कैम्पेन का हिस्सा बने शाहरुख खान, परिवार संग मन्नत पर फहराया तिरंगा

15 अगस्त को देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ बड़े धूमधाम से मना रहा है। आम से लेकर खास तक, हर कोई इस जश्न का हिस्सा बन रहा है। जब पूरा देश आजादी के इस रंग में रंगा हो तो भला हमारा बॉलीवुड कहां पीछे रह सकता है। बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान ने भी आजादी के इस जश्न में हिस्सा लिया। शाहरुख खान ने अपनी पत्नी गौरी खान और बच्चों आर्यन खान और अबराम खान के साथ मिलकर अपने घर ‘मन्नत’ में तिरंगा फहराया और ‘हर घर तिरंगा’ (Har Ghar Tiranga) का हिस्सा बने। दरअसल, भारत सरकार ने 'हर घर तिरंगा' कैम्पेन शुरू किया है। केंद्र सरकार ने 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर में तिरंगा लगाने की अपील की। इस अभियान के तहत आम हो या फिर खास हर किसी को अपने घर पर तिरंगा लगाकर इस कैम्पेन का हिस्सा बनने की गुजारिश की गई है। ऐसे में शाहरुख़ खान ने भी अपने घर पर तिरंगा फहरा कर इस अभियान में हिस्सा लिया। शाहरुख ने इस बात की जानकारी एक पोस्ट शेयर कर दी।
शाहरुख ने वीडियो पोस्ट कर कैप्शन में लिखा- 'अपने छोटों और आने वाली पीढ़ी को ये सिखाने के लिए अभी और वक्त लगेगा कि हमारे क्रांतिकारियों ने इस आजादी को पाने के लिए कितने बलिदान दिए हैं। लेकिन उन्हीं छोटों के झंडा फहराने से हम ज्यादा गर्व, प्यार और खुशी महसूस कर पाए।'

वीडियो में देखा जा सकता है कि शाहरुख के साथ उनकी वाइफ गौरी खान और बच्चे आर्यन, अबराम भी मौजूद थे। शाहरुख ने तिरंगा अबराम के हाथों फहराया।

परिवार संग झंडा फहराने की इस फोटो को गौरी ने भी अपने अकाउंट पर शेयर किया है। फोटो में पूरा परिवार साथ खड़ा है लेकिन सुहाना नदारद दिखीं। फोटो में सभी सफेद कपड़ों में दिखे। गौरी ने डेनिम जींस के साथ व्हाइट कोट पहने नजर आईं। जबकि शाहरुख, आर्यन और अबराम व्हाइट टी-शर्ट के साथ डेनिम जींस में दिखे। गौरी खान ने फोटो शेयर कर कैप्शन दिया- 'आजादी का दिन मुबारक।'