बर्थडे पर सामने आया ‘विक्रांत रोणा’ से किच्चा सुदीप का First Look, ‘लगे रहो मुन्नाभाई’ के 15 साल पूरे

साउथ इंडियन सुपरस्टार किच्छा सुदीप आज गुरुवार (2 सितंबर) को अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक्टर के लिए बधाइयों का तांता लगा हुआ है। इस मौके पर सुदीप की फिल्म विक्रांत रोणा से उनके फर्स्ट लुक को शेयर किया गया, जो दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देगा। इस झलक से पता चलता है कि विक्रांत रोणा के आने से उनके दुश्मनों के दिल दहल जाते हैं। इस विजुअल में नरेटर सुदीप के स्वैग को अंधेरे का भगवान कहता है। 'द डेडमैन्स एंथम' की पहली झलक निश्चित रूप से फिल्म के लिए फैंस की उम्मीदों को और बढ़ाती है।

डायरेक्टर अनूप भंडारी कहते हैं कि मैं बहुत खुश हूं कि हमें सुदीप सर का जन्मदिन 'डेडमैन्स एंथम' के साथ मनाने का मौका मिला, जिसमें विक्रांत रोणा की पहली झलक दिखाई गई है। विक्रांत रोणा एक रहस्यमयी किरदार है। सुदीप सर के टाइटैनिक हीरो के अवतार ने फिल्म को और भी बड़ा बना दिया है। विक्रांत रोणा एक बहुभाषी एक्शन एडवेंचर फिल्म है जो 14 भाषाओं और 55 देशों में 3-डी में रिलीज की जाएगी। फिल्म में निरूप भंडारी, नीता अशोक और जैकलीन फर्नांडिस भी नजर आएंगे।

14 साल चली सुदीप और राधाकृष्णन की शादी

फैंस के बीच किच्चा सुदीप के नाम से मशहूर अभिनेता का असल नाम सुदीप संजीव है। वे जाने-माने फिल्म निर्माता, निर्देशक, गायक और टेलीविजन होस्ट भी है। सुदीप का जन्म कर्नाटक के शिमोगा में हुआ था। सुदीप ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। साल 1996 में सुदीप को उदय टीवी पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक प्रेमदा कादम्बरी में काम करने का मौका मिला। सुदीप ने साल 1997 में आई कन्नड़ फिल्म थायवा से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। साल 2008 में सुदीप ने राम गोपाल वर्मा निर्देशित फिल्म ‘फूंक’ से बॉलीवुड में कदम रखा। वे दबंग 3 में भी नजर आए थे। सुदीप ने गर्लफ्रेंड प्रिया राधाकृष्णन से साल 2001 में शादी कर ली, लेकिन साल 2015 में दोनों अलग हो गए। दोनों की एक बेटी सानवी है।


दीया मिर्जा ने शेयर की लगे रहो मुन्नाभाई की फोटो

वर्ष 2006 में आई फिल्म लगे रहो मुन्नाभाई ने आज 2 सितंबर को 15 साल पूरे कर लिए हैं। ऐसे में फिल्म में अहम किरदार निभाने वाली अभिनेत्री दीया मिर्जा ने ट्विटर पर एक पोस्ट की हैl उन्होंने फिल्म की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा है कि लगे रहो मुन्नाभाई जैसी फिल्म अपनी उम्दा कहानी के लिए आज भी प्रासंगिक हैं। यह बहुत कम पाया जाता है कि कोई एक फिल्म किसी सामाजिक मुद्दे को इतने अच्छे तरीके से समझा सके। फिल्म ने जो सवाल 2006 में उठाए थे वो आज भी अर्थपूर्ण हैं। इसे राजकुमार हिरानी ने निर्देशित किया था। यह फिल्म वर्ष 2003 में आई फिल्म ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ का सीक्वल थी। इसमें संजय दत्त, अरशद वारसी और विद्या बालन मुख्य किरदार में थे।