वरुण धवन स्टारर कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। डेविड धवन के निर्देशन में बनी यह फिल्म रिलीज के समय से ही चर्चा में रही है। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म का मुकाबला राम चरण की ‘पेद्दी’ और बॉबी देओल की ‘बंदर’ जैसी फिल्मों से हुआ, लेकिन इसके बावजूद इसने दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। शुरुआती दो दिनों में स्थिर प्रदर्शन के बाद फिल्म ने रविवार यानी तीसरे दिन शानदार उछाल दिखाया और कमाई में तेजी दर्ज की गई।
रविवार को फिल्म की कमाई में जोरदार उछालबॉक्स ऑफिस पर ‘है जवानी तो इश्क होना है’ ने पहले वीकेंड में अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपनी पकड़ मजबूत की है। फिल्म में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। कई बड़ी फिल्मों के साथ क्लैश के बावजूद यह रोमांटिक कॉमेडी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है।
कमाई की बात करें तो डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले दिन 7.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। दूसरे दिन भी फिल्म ने समान प्रदर्शन करते हुए 7.50 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की। हालांकि तीसरे दिन यानी रविवार को फिल्म की रफ्तार में तेजी देखने को मिली।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार की तुलना में फिल्म की कमाई में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी के साथ ‘है जवानी तो इश्क होना है’ ने तीसरे दिन करीब 8,616 शो में 9 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल तीन दिनों का नेट कलेक्शन 24 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन 28.80 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन में भी दिखा असरविदेशी बाजारों में भी फिल्म ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। तीसरे दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में 3.00 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 8.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इन आंकड़ों के आधार पर ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 37.30 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
2026 की टॉप रोमांटिक फिल्मों में बनाई जगहलगातार बढ़ते कलेक्शन के साथ इस फिल्म ने एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है। ‘है जवानी तो इश्क होना है’ अब साल 2026 की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड रोमांटिक फिल्म बन गई है। शुरुआती प्रदर्शन के आधार पर इस फिल्म ने अपनी रैंकिंग में मजबूत स्थिति बना ली है और आगे और बढ़त की उम्मीद की जा रही है।
2026 की टॉप कमाई करने वाली रोमांटिक बॉलीवुड फिल्में• पति पत्नी और वो दो – 58.18 करोड़
• चांद मेरा दिल – 30.27 करोड़
• है जवानी तो इश्क होना है – 24 करोड़ (3 दिन)
• दो दीवाने शहर में – 7.98 करोड़
• एक दिन – 4.3 करोड़
• गिन्नी वेड्स सनी 2 – 1.54 करोड़