एक्टर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा को लेकर पिछले काफी समय से खबरें चल रही हैं। कभी कहा जाता है कि उनका रिश्ता टूटने के कगार पर है और नौबत तलाक तक पहुंच गई है तो कभी लगता है कि ऐसी कोई बात नहीं है। अब प्राइम वीडियो के चैट शो ‘टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल’ में 61 वर्षीय गोविंदा ने सुनीता के बारे में खुलकर बात की। गोविंदा ने कहा कि वो खुद एक बच्ची है। मेरे बच्चे मेरी पत्नी को ऐसे संभालते हैं जैसे वो कोई बच्चा हो। सुनीता एक बच्चे की तरह है, लेकिन जितनी जिम्मेदारी उस पर डाली गई थी, उसने घर बहुत अच्छे से संभाला, क्योंकि वो जैसी है वैसी ही अच्छी है।
वो एक ईमानदार बच्ची है। उसकी बातें कभी गलत नहीं होतीं, बस वो कभी-कभी वो बातें कह देती है जो नहीं कहनी चाहिए। मर्दों की दिक्कत यही है कि वो औरतों की तरह नहीं सोच सकते। मैं हमेशा मानता हूं कि मर्द घर चलाता है, लेकिन औरतें पूरी दुनिया चलाती हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या सुनीता उनकी गलतियां सुधारती हैं, तो उन्होंने जवाब दिया कि वो खुद बहुत गलतियां कर चुकी है…मैंने उसे और पूरे परिवार को बहुत बार माफ किया है। कभी-कभी हम उन पर बहुत ज्यादा निर्भर हो जाते हैं। खासकर जब मां नहीं होती, तो आदमी पत्नी पर ज्यादा भरोसा करने लगता है।
और वक्त के साथ पत्नी मां जैसी डांटने लगती है, समझाने लगती है। उन्हें एहसास नहीं होता, लेकिन हमें दिखता है कि वो अब कैसे बदल गई हैं और पहले कैसी थीं। उल्लेखनीय है कि सुनीता कई इंटरव्यू में अपने बिंदास लहजे के चलते गोविंदा के लिए कई ऐसी बातें कह चुकी हैं, जो चुभने वाली होती हैं। हालांकि वह बार-बार यह भी कहती हैं कि उन्हें कोई भी गोविंदा से अलग नहीं कर सकता।
गोविंदा ने कहा, कई फिल्में साथ में करने के लिए मैं बदनाम हुआ कि…शो की होस्ट अक्षय कुमार की पत्नी ट्विंकल खन्ना ने खुलासा किया कि जब वह गोविंदा के साथ फिल्म कर रही थीं तो उस दौरान वे एक साथ 14 फिल्मों में काम कर रहे थे। ट्विंकल ने कहा कि फिल्म के सेट पर गोविंदा हर दिन नई-नई कॉस्ट्यूम पहनकर आते थे। इसके बाद उन्होंने गोविंदा से पूछा कि आप इतनी फिल्में करते थे तो आपको डायलॉग्स कैसे याद रहते थे। इस पर गोविंदा ने कहा कि सब याद रखना पड़ता था। फिल्ममेकर्स ने डरा रखा था कि अगर ये फिल्म नहीं चली तो ची-ची तू गया।
मैंने इसलिए सभी के साथ ईमानदारी से काम किया। गोविंदा ने सेट पर देरी से आने वाली बात पर भी चुप्पी तोड़ी। गोविंदा ने कहा कि कई फिल्में साथ में करने के लिए मैं बदनाम हुआ कि मैं सेट पर टाइम से नहीं आता हूं। मैंने दिन में 5-5 शिफ्ट्स की हैं। किसी के बाप में दम नहीं है कि जो 5 शिफ्ट में काम करे और समय से आए। ये मुमकिन ही नहीं है।
लोग तो एक फिल्म करके थक जाते हैं और मैंने तो एक-साथ 14 फिल्में की हैं। इसलिए इंडस्ट्री में मेरी इमेज देर से आने वाले एक्टर वाली बन गई। बता दें गोविंदा ने 90 के दशक में ऑडियंस को अपनी डांसिंग और एक्टिंग से दीवाना बनाया हुआ था। उनकी कॉमिक टाइम का आज भी हर कोई फैन है।