अभिनेता गोविंदा की जिंदगी और करियर के कई दिलचस्प किस्से हैं, लेकिन उनका हालिया खुलासा हर किसी को चौंका सकता है। काजोल और ट्विंकल खन्ना के टॉक शो Too Much With Kajol & Twinkle के लेटेस्ट एपिसोड में गोविंदा और चंकी पांडे बतौर गेस्ट शामिल हुए। इस दौरान दोनों ने अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ से जुड़े अनसुने किस्से साझा किए।
शो में गोविंदा ने एक ऐसा किस्सा सुनाया जिसने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने बताया कि एक बार उन्होंने एक फिल्म में बिना कोई फीस लिए सिर्फ एक दर्जन केले और नारियल के बदले काम किया था। यह फिल्म उन्होंने निर्माता सुबीर मुखर्जी के साथ की थी। इसके पीछे एक भावुक वजह थी।
गोविंदा ने बताया कि जब वे छोटे थे, तब सुबीर मुखर्जी की मां ने उनकी मां की एक मुश्किल घड़ी में मदद की थी। गोविंदा ने कहा कि वर्षों बाद उन्हें मौका मिला कि वे यह कर्ज उतार सकें और इसी भावना के साथ उन्होंने फिल्म में काम करने का निर्णय लिया। उन्होंने किसी तरह की फीस नहीं ली। उनका कहना था, “मैंने उस फिल्म के लिए बस एक दर्जन केले और नारियल लिए थे। वो मेरे लिए काफी था।”
इस शो में गोविंदा ने अपने करियर के शुरुआती दिनों की बातें भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि डांस उनके अभिनय का अहम हिस्सा बना और इसके पीछे सरोज खान और कमल मास्टर जैसे कोरियोग्राफर्स का बड़ा योगदान रहा। गोविंदा ने कहा, “कमल मास्टर ने मुझे मेरी स्टाइल दी। उन्होंने सिखाया कि बिना शब्द बोले कैसे डांस में एक्सप्रेशन लाना है।” इसी डांस स्टाइल ने उन्हें इंटरनेशनल स्टार समांथा फॉक्स के साथ परफॉर्म करने का मौका दिलाया।
वहीं शो में चंकी पांडे ने भी अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत को लेकर रोचक बातें बताईं। उन्होंने खुलासा किया कि उनके परिवार में कभी कोई एक्टर नहीं रहा, लेकिन उनके मामाजी Col. Raj Kapoor ने 'फौजी' सीरियल बनाया था, जिससे शाहरुख खान ने टीवी पर डेब्यू किया था। चंकी ने यह भी बताया कि उनके माता-पिता डॉक्टर थे और उनका फिल्म इंडस्ट्री से एक गहरा नाता था। उनकी मां कई बॉलीवुड सितारों की मेडिकल एक्सपर्ट थीं।
यह एपिसोड न केवल दोनों कलाकारों की जिंदगी के अनछुए पहलुओं को सामने लाया, बल्कि यह भी दिखाया कि इंडस्ट्री में रिश्ते और भावनाएं कभी-कभी पैसों से भी ऊपर होती हैं।