सुपरस्टार गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की जोड़ी हमेशा सुर्खियों में रहती है। दोनों अक्सर पार्टी-समारोह में साथ नजर आते हैं। इसके अलावा कपल कई टीवी कार्यक्रमों में दिखता है। दोनों एक-दूसरे के साथ खूब हंसी-मजाक करते हैं और फैंस को उनकी कैमेस्ट्री बहुत अच्छी लगती है। हालांकि अब जो खबर आ रही है उससे कपल को चाहने वालों को ठेस लग सकती है। दरअसल सोशल मीडिया पर ये खबर फैल रही है कि शादी के 37 साल बाद 61 वर्षीय गोविंदा पत्नी से तलाक लेने जा रहे हैं।
हालांकि इस मामले में अभी तक न तो गोविंदा की तरफ से कोई बयान आया है और न ही सुनीता ने कुछ कहा है। पिछले कुछ समय से ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि गोविंदा की शादीशुदा जिंदगी में कुछ गड़बड़ चल रही है। सुनीता लगातार इंटरव्यू दे रही हैं। सुनीता ने खुलासा किया था कि अब वे एक साथ एक घर में नहीं रहते हैं। मजाक-मजाक में सुनीता ने गोविंदा के अफेयर का भी खुलासा किया। पता चला है कि रिश्ते में दरार आने का कारण 30 वर्षीय मराठी एक्ट्रेस हैं, जिसके साथ गोविंदा का अफेयर चल रहा है।
कुछ महीने पहले गोविंदा के पैर पर गोली लगी थी, तब ये बात सामने आई थी कि पति-पत्नी अलग रहते हैं। एक रेडिट यूजर ने लिखा, “गोविंदा का तलाक होने वाला है। वैसे भी सुनीता ने अपने हाल के इंटरव्यूज में ये संकेत दे दिए हैं कि गोविंदा का अफेयर चल रहा है। वह फ्लैट में रहती हैं और गोविंदा बंगले में। उनके रूटीन और शेड्यूल भी बिल्कुल अलग हैं। उस इंसान के साथ रहना कितना मुश्किल होता है, जिसके इतने अफेयर्स को माफ किया हो। जिसकी मां और परिवार की केयर करने में अपनी जिंदगी लगा दी और उम्र के इस पड़ाव पर आकर वो छोड़ दे।”
गौरतलब है कि गोविंदा और सुनीता की शादी 1987 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं टीना और यशवर्धन। सुनीता बच्चों के साथ, जबकि गोविंदा अलग रहते हैं। बता दें 80 के दशक में गोविंदा और एक्ट्रेस नीलम कोठारी का अफेयर सुर्खियों में रहा था। दोनों कई फिल्मों में साथ नजर आए थे। हालांकि एक इंटरव्यू में नीलम ने कहा था कि अफेयर की खबरें महज अफवाह थीं। इस बीच गोविंदा का वो इंटरव्यू सुर्खियों में आ गया था, जिसमें उन्होंने नीलम से रिश्ते की बात कबूली थी।
बॉबी देओल स्टारर ‘आश्रम सीजन 3 पार्ट 2’ वेब सीरीज इस दिन से होगी स्ट्रीमलोकप्रिय वेब सीरीज ‘आश्रम सीजन 3 पार्ट 2’ का टीजर हाल ही रिलीज किया गया था। इसे देख लोग काफी उत्साहित हैं और इसके रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब तक इसका हर सीजन सुपरहिट रहा है। यह 27 फरवरी से अमेजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होगी और इसे आप फ्री में देख सकते हैं। ‘बाबा निराला’ के रोल में बॉबी देओल फिर से जादू चलाने को तैयार हैं। बॉबी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने रोल को लेकर खुलासा किया।
बॉबी ने एएनआई के साथ बातचीत में कहा कि मैं ऐसा किरदार निभाना चाहता था जो मेरे कंफर्ट जोन से बाहर हो। जब एक बार इंडस्ट्री में आपकी छवि बन जाती है, तो आपको उसी हिसाब से काम मिलता है। मुझे प्रकाश झा जी का मैसेज आया कि वे मुझसे मिलना चाहते हैं। जब मैं उनसे मिला और मैंने कहानी सुनी तो मुझे लगा कि वो मुझे पुलिस ऑफिसर का रोल ऑफर करेंगे क्योंकि मैं उस रोल को निभाने के लिए काबिल था लेकिन उन्होंने मुझसे कहा कि वो चाहते हैं कि मैं बाबा का किरदार निभाऊं।
मुझे लगा कि मैं कुछ गलत सुन रहा हूं, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा था कि मैं इस किरदार को निभा पाऊंगा। जैसा मैं चाह रहा था वैसा ही हो गया। भगवान मुझ पर दयालु थे। बॉबी के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो अब वे ‘हाउसफुल 5’, ‘अल्फा’, ‘जना नायगन’ जैसी फिल्मों में दिखेंगे। बॉबी ने साल 2023 के अंत में आई फिल्म ‘एनिमल’ में नेगेटिव रोल से खूब वाहवाही लूटी थी। बॉबी ने 90 के दशक में ‘बरसात’ फिल्म के साथ बॉलीवुड में डेब्यू किया था।