2 News : गौहर ने बेटे की झलक दिखा रिवील किया उसका यूनीक नाम, रणबीर को राहा ने दिया यह बर्थडे गिफ्ट

एक्ट्रेस गौहर खान इन दिनों भले ही एक्टिंग की दुनिया से दूर हो लेकिन वह अपनी पर्सनल लाइफ के चलते लगातार खबरों में बनी रहती हैं। इन दिनों गौहर ‘बिग बॉस 19’ में हिस्सा ले रहे अपने देवर आवेज दरबार का हौसला बढ़ाती दिखती हैं। गौहर खुद साल 2013 में ‘बिग बॉस 7’ की विजेता रही थीं। बहरहाल गौहर से जुड़ी खबर ये है कि उन्होंने अपने दूसरे बेबी बॉय के जन्म के 28वें दिन उसके नाम का ऐलान कर दिया है। गौहर 42 की उम्र में दूसरी बार मां बनी हैं। उनके दूसरे बेटे का जन्म 1 सितबंर को हुआ था। ऐसे में जन्म के एक महीना पूरा होने से पहले ही गौहर ने बच्चे के नाम का ऐलान कर दिया है जो काफी यूनीक है।

गौहर ने उसका नाम फरवान रखा है। इस नाम का ऐलान करते हुए गौहर ने बेटे की एक झलक भी सोशल मीडिया पर फैंस को दिखाई। तस्वीर में गौहर का उनके बेटे के साथ हाथ नजर आ रहा है। गौहर ने कैप्शन में लिखा, “फरवान...जेहान आपको अपने छोटे भाई से मिलवा रहा है।” गौहर के पहले बेटे का नाम जेहान है। 'फरवान' शब्द फारसी के 'फरवानी' लफ्ज से लिया गया है जिसका मतलब खुलापन या चौड़ाई या फिर विस्तार या ज्यादा होना है। गौहर ने जैसे ही बेटे के नाम का ऐलान किया तो सेलेब्स जमकर विश करने लगे।

करण ग्रोवर, आरती सिंह, नकुल मेहता, शूरा खान ने गौहर और उनके पति जैद दरबार को विश किया है। गौहर और जैद ने 1 सितंबर को अपने दूसरे बेटे के जन्म का ऐलान इंस्टाग्राम पर किया था। कपल ने एक पोस्टर शेयर कर लिखा था, “जेहान अपने छोटे भाई के आने से बहुत खुश है। खुशकिस्मत पेरेंट्स जैद और गौहर।” गौहर की शादी साल 2020 में दिग्गज संगीतकार इस्माइल दरबार के बेटे जैद के साथ हुई थी।
रणबीर कपूर ने फैंस के सवालों के जवाब के दौरान बताया राहा ने दिया क्या उपहार

लाखों-करोड़ों दिलों की धड़कन चॉकलेटी हीरो रणबीर कपूर आज रविवार (28 सितंबर) को 43 साल के हो गए। रणबीर अपने चाहने वाले प्रशंसकों की खुशी के लिए शाम को अपने लाइफस्टाइल ब्रांड आर्क्स के पेज से इंस्टाग्राम पर लाइव आए। रणबीर ने फैंस के कई सवालों के जवाब दिए और बताया कि उन्हें अपनी बेटी राहा से जन्मदिन पर क्या तोहफा मिला। रणबीर ने कहा कि राहा ने मुझसे वादा किया था कि वह मुझे 43 किस देंगी, इसलिए मुझे वो मिल गया!

उल्लेखनीय है कि रणबीर ने अप्रैल 2022 में आलिया भट्ट के साथ शादी की थी। उनकी बेटी राहा का जन्म उसी साल नवंबर में हुआ। क्रिसमस 2023 पर रणबीर और आलिया ने मीडिया के सामने राहा का चेहरा रिवील कर दिया था। राहा पैपराजी की फेवरेट है। रणबीर ने फैंस से बातचीत के दौरान कहा कि एक गाना जो मुझे सचमुच बहुत पसंद है, वह है ‘सैयारा’ का ‘बर्बाद’। मुझे वह गाना बहुत पसंद है।

मुझे ‘लोकाह’ का म्यूजिक बहुत पसंद है। मैंने हाल ही में यह फिल्म देखी और यह बहुत ही बेहतरीन थी। मुझे ‘साहिबा’ पसंद है - यह एक बेहतरीन गाना है। मैं आमतौर पर स्पॉटिफाई के टॉप 50 में, भारत के टॉप 50 में या फिर दुनिया के टॉप 50 में रहता हूं। आमतौर पर, मैं वहीं से म्यूजिक ढूंढता हूं। बता दें इससे पहले रणबीर ने दिन में एक वीडियो शेयर कर फैंस को शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद बोला था।