फिटनेस चैलेंज एक्सेप्ट कर फंसे ऋतिक, मुंबई पुलिस से हुई शिकायत

पीएम नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया कार्यक्रम के तहत हाल ही में खेलमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। राठौड़ ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से काम के दौरान पुशअप लगाते हुए अपना वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इस वीडियो में उन्होंने विराट कोहली समेत भारतीय शटलर साइना नेहवाल और बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन को चैलेंज दिया था कि वे सब अपना फिटनेस वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करें। उनके इस वीडियाे के बाद जबर्दस्त रिएक्शन देखने को मिला था।

विराट कोहली ने खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के इस चैलेंज को स्वीकार किया। इसके साथ ही विराट ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा "मैंने राज्यवर्धन सर का फिटनेस चैलेंज स्वीकार कर लिया है। अब मैं चाहूंगा कि मेरी पत्नी अनुष्का शर्मा, हमारे पीएम नरेंद्र मोदी जी और धोनी भाई इसे स्वीकार करें।"

अनुष्का ने इस चैलेंज को एक्सेप्ट करते हुए अपना वर्कआउट वीडियो शेयर किया है। अनुष्का ने इसके साथ ही वरुण धवन और दिनेश कार्तिक की पत्नी दीपिका पल्लीकल को ये चैलेंज दिया है।

वही अनुष्का के बाद ऋतिक रोशन ने भी राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के फिटनेस चैलेंज को एक्सेप्ट करते हुए एक वीडियो शेयर किया जिसमे ऋतिक सड़क के बीच फिटनेस टिप्स देते नजर आ रहे हैं। लेकिन इस वीडियो को शेयर कर ऋतिक एक दिक्कत में फंस गए हैं। एक यूजर ने मुंबई पुलिस को टैग करते हुए पूछा कि अब मुंबई पुलिस इस पर क्या करेगी? मुंबई पुलिस ने उस यूजर के ट्वीट का रिल्पाई करते हुए उससे लोकेशन डिटेल और जानकारी मांगी है।