फेमस होतें ही बुरी फंसीं प्रिया प्रकाश वारियर, दर्ज हुई FIR

सोशल मीडिया पर सेंसेशन मचाने वाली प्रिया प्रकाश वारियर के खिलाफ हैदराबाद पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई गई है। हैदराबाद के मुस्लिम यूथ ने प्रिया प्रकाश के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में फिल्म के मेकर उमर लूलू और प्रिया प्रकाश पर मुस्लिमों की भावनाएं आहत करने का आरोप लगा है।

शिकायत के अनुसार, अगर 'Manikya Malaraya Poovi' गाने को अंग्रेजी में अनुवाद करेंगे तो वो मुस्लिमों के पैगंबर की बेइज्जती करता हुआ प्रतीत होता है। मुस्लिम समुदाय को प्रिया प्रकाश के एक्सप्रेशन और गाने के लिरिक्स को लेकर आपत्ति है। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। इसके अलावा FIR लिखवाने वाले शख्स मोहम्मद अब्दुल ने कहा कि उन्हें प्रिया प्रकाश के फिल्मों में काम करने से कोई आपत्ति नहीं है। फिल्म के इस गाने को शान रहमान ने कंपोज किया है। इसके अलावा कल यानी 13 फरवरी को फिल्म 'ओरू अदार लव' का एक टीजर लॉन्च हुआ है। इस बार प्रिया ने आंखों से नहीं बल्कि होठों से फैंस को अपना दीवाना बना लिया। प्रिया की अदाएं इतनी कातिलाना हैं कि हर कोई उन पर फिदा हो जाए। फिल्म में स्कूल रोमांस दिखाया गया है। इस टीजर में भी प्रिया प्रकाश और अब्दुल रहूफ के एक्सप्रेशन कमाल के हैं। टीजर में प्रिया ने होठों से गोली चलाई है। ऐसी क्यूट केमेस्ट्री दर्शकों ने अभी तक नहीं देखी होगी।

बता दें कि प्रिया प्रकाश ने बीते हफ्ते सोशल मीडिया पर अपने एक्सप्रेशन से तहलका मचा रखा था। उनकी तस्वीरें और तरह तरह के मीम सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे। प्रिया प्रकाश वारियर मलायलम फिल्म ओरु अदर लव से फिल्मी जगत में डेब्यू करने जा रही है। उनकी ये फिल्म 3 मार्च 2018 को रिलीज होगी।