बेबी डॉल से सुर्खियां बटोरने वाली सिंगर कनिका कपूर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

सनी लियोनी पर फिल्माए गए गाने बेबी डॉल से सुर्खियां बटोरने वाली सिंगर कनिका कपूर पर एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। इस मामले में कनिका के साथ उनके मैनेजर पर भी FIR दर्ज की गई है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के मालिक मनोज शर्मा ने सिंगर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि कनिका को 22 जनवरी को अलीगढ़ में एक इवेंट में परफॉर्म करना था। जिसके लिए उन्हें 24.95 लाख की पेमेंट की जा चुकी थी। लेकिन कनिका शो के लिए नहीं पहुंचीं। साथ ही पैसे वापस करने से भी मना कर दिया। कनिका कपूर को दिए गए 24.95 लाख रुपये में प्लाइट की टिकट और होटल का किराया शामिल था।

मामले में अलीगढ़ पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, कनिका, उनकी मैनेजर श्रुति और मुंबई बेस्ड एक इवेंट मैनेजमेंट कपंनी के मैनेजर संतोष मिजगेर के खिलाफ 420 (धोखाधड़ी), 406 (भरोसा तोड़ना) और 507 (आपराधिक धमकी) के तहत केस दर्ज हुआ है। कनिका कपूर के शो में ना पहुंचने की वजह से इवेंट कंपनी का मार्केट में काफी नाम खराब हुआ है। शिकायतकर्ता ने सिंगर के खिलाफ मानहानि का केस करने का भी फैसला किया है। इस मामले में अभी तक कनिका का कोई बयान सामने नहीं आया है।