2 News : तब्बू हुईं 52 की, अजय-करीना सहित इन सितारों ने यूं किया विश, परिणीति कर रहीं दिवाली की तैयारी

एक्ट्रेस तब्बू आज शनिवार (4 नवंबर) को अपना जन्मदिन मना रही हैं। वह 52 साल की हो गईं। उनका असली नाम तब्बसुम फातिमा हाशमी है। उनकी बड़ी बहन फरहा ने भी कई फिल्मों में काम किया है। तब्बू को जन्मदिन पर ढेरों शुभकामनाएं मिल रही हैं। उनके साथी कलाकारों ने भी उन्हें खास अंदाज में विश किया है। एक्टर अजय देवगन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर तब्बू का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्हें एक कार के अंदर बैठे देखा जा सकता है।

अजय ने लिखा, “कभी-कभी पहियों के पीछे, कभी-कभी स्क्रीन के पीछे लेकिन तुम्हारे साथ काम करना हमेशा एक रोमांच होता है।” करीना कपूर खान ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर तब्बू की एक मोनोक्रोमैटिक ग्रे फोटो शेयर की और लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो डियर तब्बू...आपका दिन शानदार रहे!” कोरियोग्राफर फराह खान ने भी अपने बच्चों दीवा, आन्या और जार के साथ तब्बू की तस्वीरें साझा कीं।

फराह ने लिखा, पिछले 27 सालों से मेरी एक अनोखी दुनिया से अलग दोस्त है.. जो अपने जन्मदिन पर गायब हो जाती है.. मुझे पोस्ट करने के लिए नई तस्वीरें नहीं लेने देती। बर्थडे गिफ्ट के रूप में सिर्फ अंडा-करी खाती है! इसलिए मैं पुरानी तस्वीरें डालने के लिए मजबूर हूं....जन्मदिन मुबारक हो @tabutiful .. मैं तुम्हें वैसे ही प्यार करती हूं जैसे तुम हो और अंडा करी आने वाली है।”

सोनाली बेंद्रे ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, खूबसूरत तब्बू को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आने वाला साल शानदार हो।” शिल्पा शेट्टी ने लिखा, जन्मदिन मुबारक हो टिंपू! ढेर सारा प्यार, दुआएं, मुस्कुराहट और हग्स और किसेज भेज रही हूं, मेरी जान! यहां कई और वर्षों की दोस्ती है!” अनिल कपूर ने लिखा, “तब्बू को जन्मदिन की शुभकामनाएं! आपकी कला भी उतनी ही शानदार है जितनी आप हैं।”

उल्लेखनीय है कि तब्बू अभी तक सिंगल हैं। साउथ एक्टर नागार्जुन के साथ उनके रिलेशन की खूब चर्चा होती है। वर्कफ्रंट की बात करें तो तब्बू को पिछली बार विशाल भारद्वाज की थ्रिलर 'खुफिया' में देखा गया था, जो अक्टूबर में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। अब वह 'द क्रू' में करीना, कृति सेनन के साथ दिखाई देंगी।

शादी के बाद परिणीति चोपड़ा की पहली दिवाली, फोटो की शेयर

एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा की शादी को अभी बहुत कम समय हुआ है। ऐसे में वह लगातार चर्चाओं में रहती हैं। मीडिया और फैंस की नजरें परिणीति की हर बात पर रहती है। परिणीति भी अपने चाहने वालों का पूरा ख्याल रखती हैं। वह लगातार खुद के बारे में अपडेट देती रहती हैं। यहां तक की परिणीति अब तक कई दफा अपनी शादी की अलग-अलग रस्मों वाली झलकियों से रूबरू करा चुकी हैं। वह अपनी शादीशुदा जिंदगी का लुत्फ उठा रही हैं।

परिणीति की शादी के बाद ये पहली दिवाली है और उन्होंने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिणीति ने सोशल मीडिया अकाउंट पर नए लुक में अपनी तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह बेहद खूबसूरत लग रही हैं। परिणीति ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर रस्ट कलर के सूट में फोटो अपलोड की हैं। परिणीति ने कैप्शन में लिखा-“दिवाली बिगेंस।”

परिणीति मेहंदी और सिंदूर फ्लॉन्ट करती दिखीं। परिणीति ने सिंपल से ईयरिंग पहने हैं और पोनी की हुई है। वह पोज दे रही हैं। परिणीति ने हाल ही में पहला करवाचौथ सेलिब्रेट किया था, जिसकी तस्वीरें भी उन्होंने शेयर की थीं। गौरतलब है कि परिणीति और आम आदमी पार्टी के नेता व राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने 24 सितंबर को उदयपुर में शादी की थी।