2 News : गलत तरीके से छूने पर फातिमा ने शख्स को मारा लेकिन…, शनाया की पहली फिल्म रिलीज होने पर खुश हुईं महीप

एक्ट्रेस फातिमा सना शेख इन दिनों अपनी फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों’ को लेकर सुर्खियों में हैं। अनुरास बासु की इस फिल्म में उनकी जोड़ी एक्टर अली फजल के साथ बनी है। इस बीच फातिमा ने एक इंटरव्यू में शॉकिंग खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कैसे एक आदमी ने उन्हें पब्लिकली गलत तरीके से छुआ और फिर रिएक्ट करने पर उन पर हमला कर दिया। फातिमा ने कहा कि एक बार एक आदमी ने मुझे गलत तरीके से छुआ था। ऐसे में मैंने उसे मार दिया था, लेकिन उसने पलटकर मुझे इतनी जोर से मारा कि मैं पूरी तरह से गिर गई। मैंने उसे सिर्फ इसलिए मारा क्योंकि उसने मुझे छुआ था, लेकिन इससे वो नाराज हो गया और उसने मुझे इतना मारा कि मैं गिर पड़ी।

उस घटना के बाद, मैं थोड़ी ज्यादा सतर्क हो गई। मुझे एहसास हुआ कि हमें भी यह देखना होगा कि ऐसी परिस्थितियों में कैसे रिएक्ट करना चाहिए, लेकिन विडंबना देखिए, हमारे साथ कुछ गलत हो रहा है और हमें बस यह सोचना है कि उस पर कैसे रिएक्ट करें। इसी तरह कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान मैं मुंबई में मास्क पहनकर साइकिल चला रही थी और एक टेम्पो ड्राइवर लगातार हॉर्न बजा रहा था और अजीब-अजीब आवाजें निकाल रहा था। जब तक मैं अपनी लेन में मुड़ी नहीं, तब तक वो मेरा पीछा कर रहा था। ऐसी घटनाएं आम हैं, चाहे कोई सेलिब्रिटी हो या आम आदमी। इसके लिए बस लड़की होना जरूरी है।

उल्लेखनीय है कि फातिमा की एक और फिल्म 'आप जैसा कोई’ आज शुक्रवार (11 जुलाई) को रिलीज हुई है। इसमें उनके साथ आर माधवन लीड एक्टर हैं। पिछले दिनों इसका ट्रेलर सामने आया था, जिस पर फैंस ने काफी प्यार लुटाया। इसमें एक अनोखी लव स्टोरी दिखाई गई है। बता दें फातिमा ने बतौर बाल कलाकार फिल्म 'चाची 420' से बॉलीवुड में कदम रखा था। उन्हें फोटोग्राफी में दिलचस्पी है। वह इसी क्षेत्र में काम भी करने लगी थीं, लेकिन तभी उन्हें आमिर खान की फिल्म 'दंगल' में काम करने का मौका मिल गया। इसके बाद वह 'लूडो', 'थार' और 'धक धक' जैसी फिल्मों में दिखीं।
महीप कपूर ने बेटी शनाया की फिल्म ‘आंखों की गुस्ताखियां’ रिलीज होने पर लिखा…

एक्टर संजय कपूर और महीप कपूर की बेटी शनाया कपूर की पहली फिल्म ‘आंखों की गुस्ताखियां’ को लेकर फैंस में काफी समय से क्रेज था। फिल्म आज शुक्रवार (11 जुलाई) को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। इस फिल्म में शनाया ने अभिनेता विक्रांत मैसी के साथ काम किया है। फिल्म रिलीज होने पर शनाया की मां महीप ने सोशल मीडिया पर उसकी बचपन की तस्वीरें शेयर कीं और साथ ही दिल छू लेने वाला खास नोट भी लिखा।

महीप ने इंस्टाग्राम पर फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए बेटी की बचपन की खास तस्वीरों को शेयर किया और साथ ही कैप्शन में लिखा, “मेरी बच्ची की पहली फिल्म सिनेमाघरों में आ गई है। भगवान का आभार। आंखों की गुस्ताखियां आपके नजदीकी सिनेमाघरों में।”

इससे पहले फिल्म निर्माता और निर्देशक करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर शनाया के लिए एक खास संदेश लिखा। उन्होंने अभिनेत्री की तारीफ में लंबा-चौड़ा नोट लिखा था। बता दें इस रोमांटिक ड्रामा को मानसी बागला ने लिखा है और संतोष सिंह डायरेक्टर हैं। फिल्म रस्किन बॉन्ड की कहानी 'द आइज हैव इट' पर आधारित है। फिल्म में विक्रांत ने एक दृष्टिबाधित संगीतकार की भूमिका निभाई है और शनाया एक थिएटर कलाकार के रूप में अभिनय की शुरुआत करती हैं।